Bihar Politics: पप्पू यादव की गिरफ्तारी के आरोपों पर BJP का करारा पलटवार, संजय जयसवाल ने अजीत सरकार से लेकर बृजबिहारी की हत्या तक का किया जिक्र

लोकसभा सचेतक सह भाजपा सांसद डॉ. संजय जयसवाल ने तल्ख़ लहजे में कहा, “पप्पू यादव जी के चरित्र को कौन नहीं जानता? वो किस आज़ादी की लड़ाई में सालों जेल में रहे, यह बिहार की जनता अच्छे से जानती है।”

MP पप्पू यादव की गिरफ्तारी के आरोपों पर BJP का करारा पलटवार- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार की सियासत एक बार फिर इल्ज़ाम, जवाब और सियासी तल्ख़ी के दौर में दाख़िल हो गई है। अपनी गिरफ्तारी को लेकर पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सरकार पर सीधा हमला बोला है। पप्पू यादव का आरोप है कि NEET छात्रा की मौत के मामले में सरकार के खिलाफ आवाज़ बुलंद करना ही उनकी गिरफ्तारी की असली वजह है। उन्होंने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार देते हुए सत्ता पर सवालों की बौछार कर दी है।

लेकिन पप्पू यादव के इन आरोपों पर बीजेपी ने करारा पलटवार किया है। लोकसभा सचेतक सह भाजपा सांसद डॉ. संजय जयसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पप्पू यादव के सियासी बयान को सिरे से खारिज कर दिया। डॉ. जयसवाल ने तल्ख़ लहजे में कहा, “पप्पू यादव जी के चरित्र को कौन नहीं जानता? वो किस आज़ादी की लड़ाई में सालों जेल में रहे, यह बिहार की जनता अच्छे से जानती है।”

उन्होंने आगे कहा कि नब्बे के दशक में पप्पू यादव का इतिहास रक्तरंजित रहा है। डॉ. जयसवाल ने विधायक अजीत सरकार से लेकर मंत्री बृजबिहारी की हत्या तक का ज़िक्र करते हुए गंभीर आरोप लगाए। इतना ही नहीं, उन्होंने पुरुलिया हथियार कांड का हवाला देते हुए कहा कि AK-47 गिराने के मामले में आरोपी हेडली ने अपनी नोट में यह लिखा था कि पप्पू यादव ने उसे अपनी एसी बोगी की सीट के नीचे छिपाकर विदेश भागने में मदद की थी। बीजेपी सांसद के इन बयानों ने सियासी माहौल को और ज्यादा गरमा दिया है।

इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. संजय जयसवाल ने केंद्र सरकार के बजट को ऐतिहासिक और दूरदर्शी बताया। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ बढ़ती अर्थव्यवस्था बन चुका है और इस बजट में औद्योगिक विकास की ग्रोथ 9 फीसदी तक पहुंचने का रास्ता साफ किया गया है। प्रधानमंत्री के “मेक इन इंडिया” विज़न का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि दुनिया के हर घर में भारत में बना सामान पहुंचे।

डॉ. जयसवाल ने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सॉफ्टवेयर और डिजिटल सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए बड़े फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत में बनने वाले डाटा सेंटरों को 20 साल तक टैक्स में छूट दी जाएगी। साथ ही इस बजट में पांच यूनिवर्सिटी कॉरिडोर बनाने का भी ऐलान किया गया है।

कुल मिलाकर, पप्पू यादव की गिरफ्तारी ने बिहार की सियासत को एक बार फिर अतीत के साये और वर्तमान की जंग में लाकर खड़ा कर दिया है, जहां आरोप-प्रत्यारोप के बीच असली फैसला जनता और कानून के पाले में है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार