Bihar News : बेतिया में करोड़ों के ज्वेलरी की लूट के बाद डीआईजी ने की मैराथन जांच पड़ताल, पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा- बख्शे नहीं जायेंगे अपराधी

Bihar News : बेतिया में लूट घटना की सूचना मिलते ही बेतिया एसपी कुमार गौतम और डीआईजी हरकिशोर राय तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गहन जांच-पड़ताल में जुट गए।

बेतिया में मैराथन जांच - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चम्पारण के मुख्यालय बेतिया के सबसे पॉश इलाके एनएच 727 (सुप्रिया रोड) पर स्थित प्रसिद्ध 'सेनको गोल्ड एंड डायमंड' ज्वेलरी शॉप में बुधवार को दिनदहाड़े 8 सशस्त्र अपराधियों ने धावा बोलकर करोड़ों रुपये की ज्वेलरी की लूट को अंजाम दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने अत्याधुनिक हथियारों के बल पर इस बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। वे शोरूम के फर्स्ट फ्लोर और सेकंड फ्लोर पर करीब 20 मिनट तक रहे और बेखौफ होकर लूटपाट की। सुप्रिया रोड जैसे व्यस्त और पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई इस करोड़ों की लूट ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बेतिया एसपी कुमार गौतम और डीआईजी हरकिशोर राय तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गहन जांच-पड़ताल में जुट गए। इस बीच, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पीड़ित प्रतिष्ठान के लोगों से मिलकर ढांढस बंधाया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि अपराधी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

घटनास्थल के अंदर करीब छह घंटे तक चली मैराथन जांच-पड़ताल और फॉरेंसिक मुआयने के बाद रात्रि 8 बजे बाहर निकले डीआईजी हरकिशोर राय ने प्रेस को बताया कि कुल 8 अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं और एक से दो दिनों के भीतर इस हाई-प्रोफाइल कांड का पूरी तरह खुलासा कर लिया जाएगा। बेतिया पुलिस और एसटीएफ की टीमें अपराधियों की धर-पकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं, लेकिन दिनदहाड़े हुई इस बड़ी घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

आशीष की रिपोर्ट