पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहृत नवजात बच्चा सकुशल बरामद, गुजरात से आई महिला समेत दो गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नवजात बच्चे की तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया...

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहृत नवजात बच्चा सकुशल बरामद, ग
नवजात बच्चे की अपहरण मामले में महिला समेत दो गिरफ्तार- फोटो : मनीभूषण शर्मा

Muzaffarpur : जिले की पुलिस ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए साहेबगंज थाना क्षेत्र से अपहृत एक नवजात बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की विशेष टीम ने सदर थाना क्षेत्र के एक होटल में छापेमारी कर बच्चे को सुरक्षित मुक्त कराया और इस वारदात में शामिल एक महिला तथा एक पुरुष आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला बच्चे को अपने साथ ले जाने के लिए खास तौर पर गुजरात से मुजफ्फरपुर पहुंची थी, लेकिन उसके फरार होने से पहले ही पुलिस ने पूरी योजना को विफल कर दिया।


तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के होटल में हुई छापेमारी

मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि साहेबगंज थाना क्षेत्र के एक घर से नवजात बच्चे के अपहरण की शिकायत प्राप्त हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर सरैया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अभिजीत कौर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय खुफिया तंत्र की मदद से तफ्तीश शुरू की, जिसमें सुराग मिला कि अपहरणकर्ता सदर थाना क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए हैं और वहां से निकलने की फिराक में हैं।


गुजरात रवाना होने से ठीक पहले दबोचे गए आरोपी, अपहरण की वजह खंगालने में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए संबंधित होटल पर दबिश दी और नवजात बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए दोनों आरोपियों ने अपहरण की इस वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। 


ग्रामीण एसपी ने बताया कि गुजरात से आई महिला आरोपी बच्चे को लेकर कुछ ही देर में राज्य से बाहर रवाना होने वाली थी, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ी अनहोनी टल गई। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि नवजात के अपहरण के पीछे के वास्तविक उद्देश्य और इससे जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।


मनीभूषण की रिपोर्ट