भागलपुर में औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना लाइसेंस चल रही दुकान से 4 लाख की 111 प्रकार की दवाएं जब्त

Bhagalpur Drugs raid: भागलपुर में औषधि विभाग की विशेष टीम ने दो जगह छापेमारी की। बिना लाइसेंस चल रहे संस्थान से करीब 4 लाख रुपये की 111 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं।

Bhagalpur Drugs raid: बिहार के भागलपुर जिले में अवैध रूप से संचालित दवा दुकानों और औषधि कारोबार में नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य औषधि नियंत्रक, बिहार की ओर से गठित विशेष छापामारी दल ने जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कई अनियमितताओं का खुलासा किया। इस दौरान बिना औषधि अनुज्ञप्ति के संचालित एक संस्थान से करीब चार लाख रुपये मूल्य की 111 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं। वहीं, एक अन्य मेडिकल एजेंसी में दवाओं की खरीद से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने पर 19 प्रकार की दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी गई।


अनिल मेडिकल एजेंसी में 19 प्रकार की दवाओं की बिक्री पर रोक


जानकारी के अनुसार, एमपीडी रोड स्थित अनिल मेडिकल एजेंसी में सहायक औषधि नियंत्रक भागलपुर चंद्रकांत झा के पर्यवेक्षण में विशेष छापेमारी की गई। जांच के दौरान एजेंसी संचालक की ओर से दवाओं की खरीद से संबंधित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद औषधि विभाग की टीम ने 19 प्रकार की दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी। इसके साथ ही दो संदिग्ध औषधियों के नमूने भी संग्रहित किए गए। इन नमूनों को जांच और विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि दवाओं की गुणवत्ता और मानकों की जांच की जा सके।


बिना लाइसेंस चल रहे संस्थान से 111 प्रकार की दवाएं जब्त


औषधि विभाग की दूसरी कार्रवाई जीरोमाइल स्थित एयरपोर्ट के निकट गोपालपुर में की गई। यहां सिटीकेयर हॉस्पिटल के पास संचालित एक औषधि संस्थान में विशेष टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान संस्थान बिना औषधि अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया। इसके बाद विभागीय टीम ने मौके से 111 प्रकार की दवाएं जब्त कर लीं। जब्त दवाओं का अनुमानित बाजार मूल्य करीब चार लाख रुपये बताया गया है। इस संस्थान से भी संदिग्ध औषधियों के नमूने लेकर जांच और विश्लेषण के लिए भेजे गए हैं।


छापेमारी में कई औषधि अधिकारियों की रही मौजूदगी


एमपीडी रोड स्थित अनिल मेडिकल एजेंसी में हुई कार्रवाई के दौरान औषधि निरीक्षक भोजपुर, औषधि निरीक्षक खगड़िया राजाराम मोहन और औषधि निरीक्षक भागलपुर अजय रशीक शामिल थे। पूरी कार्रवाई सहायक औषधि नियंत्रक भागलपुर चंद्रकांत झा के पर्यवेक्षण में की गई। वहीं, सिटीकेयर हॉस्पिटल के पास स्थित संस्थान में छापेमारी के दौरान सहायक औषधि नियंत्रक भागलपुर के पर्यवेक्षण में औषधि नियंत्रक शशि भूषण कुमार, औषधि निरीक्षक स्वर्णिमा कुमारी, औषधि निरीक्षक अमरेंद्र कुमार और औषधि निरीक्षक मिलिंद गीड मौजूद रहे।


संचालक के खिलाफ न्यायालय में दायर होगा अभियोजन


औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना औषधि अनुज्ञप्ति के संस्थान संचालित करने वाले संबंधित संचालक के खिलाफ माननीय न्यायालय में अभियोजन दायर किया जाएगा। विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले में नियमों की अनदेखी कर दवा कारोबार करने वाले संस्थानों में हड़कंप मचा हुआ है।

भागलपुर से बालमुकुंद कुमार की रिपोर्ट