Bihar Vigilance Department: बिहार में कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास पर निगरानी की कार्रवाई, 5 ठिकानों पर छापेमारी

Bihar Vigilance Department: बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के पटना, कटिहार, सासाराम, नवगछिया और भागलपुर स्थित ठिकानों पर छापेमारी की। उन पर 1.50 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का आरोप है।

Bihar Vigilance Department

Bihar Vigilance Department:  भागलपुर के नवगछिया में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। निगरानी विभाग की अलग-अलग टीमों ने उनके पटना, कटिहार, सासाराम, नवगछिया और भागलपुर स्थित ठिकानों पर एक साथ गृह तलाशी अभियान शुरू किया है। प्रारंभिक जांच में उनके पास लगभग 1.50 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया है।


निगरानी थाना कांड संख्या 137/26 के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। विभाग को अजीत कुमार दास के खिलाफ गोपनीय शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर गोपनीय जांच कराई गई, जिसमें उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से लगभग 1.50 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति होने के संकेत मिले। इसके बाद निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत तलाशी अभियान शुरू किया गया।


बताया जाता है कि अजीत कुमार दास पूर्व में ग्रामीण कार्य विभाग के भागलपुर डिवीजन में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सासाराम में है। वह वर्ष 2013 से ग्रामीण कार्य विभाग में कार्यरत हैं।


पटना में निर्माणाधीन मकान पर भी निगरानी की नजर


निगरानी विभाग की टीम पटना स्थित उनके निर्माणाधीन आवास के साथ-साथ वर्तमान में किराये पर रह रहे मकान की भी तलाशी ले रही है। निर्माणाधीन मकान में तलाशी प्रक्रिया के लिए मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। वहीं, निगरानी की एक टीम उनके पैतृक गांव नवगछिया के तेतरी पहुंची, जहां आवास की तलाशी ली गई। फिलहाल वहां से जब्ती योग्य दस्तावेज मिलने की सूचना नहीं है।


तलाशी पूरी होने के बाद सामने आएगी बरामदगी की तस्वीर


इस संबंध में निगरानी विभाग के वरीय पुलिस उपाधीक्षक विकास कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गोपनीय जांच में करीब 1.50 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आने के बाद कार्यपालक अभियंता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसी के तहत विभिन्न ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अन्य स्थानों पर तलाशी पूरी होने के बाद बरामद संपत्ति, दस्तावेज और जब्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।


निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हलचल मची हुई है। अब तलाशी अभियान पूरा होने और बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की तस्वीर स्पष्ट होगी।


Bhagalpur से balmukund kumar