Karate Championship: पटना में भागलपुर के कराटेबाजों का जलवा, 7 पदकों से बढ़ाया जिले का मान

Karate Championship: पटना में आयोजित 6वीं KIO ईस्ट जोन कराटे डू चैंपियनशिप में भागलपुर के खिलाड़ियों ने अपनी काबिलियत का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।...

भागलपुर के कराटेबाजों का जलवा- फोटो : reporter

 Karate Championship: भागलपुर- पटना में आयोजित 6वीं KIO ईस्ट जोन कराटे डू चैंपियनशिप में भागलपुर के खिलाड़ियों ने अपनी काबिलियत का शानदार मुजाहिरा पेश करते हुए जिले का नाम रोशन किया। भागलपुर जिला कराटे संघ के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 1 रजत और 5 कांस्य समेत कुल 7 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस कामयाबी के साथ ही सभी पदक विजेताओं ने आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस उपलब्धि से भागलपुर के खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है।

पटना के सेंट डोमिनिक सेवियो हाई स्कूल, नसरिगंज में 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस चैंपियनशिप में बिहार समेत ईस्ट जोन के विभिन्न इलाकों से खिलाड़ियों ने शिरकत की। कड़े मुकाबलों के बीच भागलपुर के खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, फुर्ती और जुझारूपन का शानदार प्रदर्शन किया।

बालिका वर्ग के सब-जूनियर -45 किलोग्राम वर्ग में सबा खातून ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं जूनियर -48 किलोग्राम वर्ग में रुद्रानी रानी ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया। रुद्रानी रानी इंटर लेवल उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि से स्कूल और जिले का मान बढ़ा है।

बालिका वर्ग में सिद्रा खातून, आफरीन जमील और ज़ैनब खान ने अपने-अपने मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। वहीं बालक वर्ग में अरशिल खान और बादल कुमार ने भी दमखम दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। खिलाड़ियों की इस कामयाबी ने साबित कर दिया कि भागलपुर में कराटे की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

इस शानदार कामयाबी पर जिला कराटे संघ के अध्यक्ष रेंशी मो. मसीउल ओला और महासचिव मनीष कुमार शर्मा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और कोच बाल्मीकि कुमार को मुबारकबाद दी। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और अनुशासन का यह नतीजा है। यह उपलब्धि भागलपुर के लिए फख्र का मौका है।अध्यक्ष रेंशी मो. मसीउल ओला ने बताया कि सभी पदक विजेता खिलाड़ी अब दिसंबर में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेंगे। खिलाड़ियों की इस कामयाबी से जिले के उभरते कराटेबाजों को भी नई राह और हौसला मिलेगा।

रिपोर्ट- बालमुकुंद कुमार