Bhojpur bike-theft gang: भोजपुर में मास्टर चाबी से बाइक चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, 7 मोटरसाइकिलों के साथ 3 गिरफ्तार

Bhojpur bike-theft gang: भोजपुर के बबुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मास्टर चाबी से बाइक चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया। सात मोटरसाइकिलें और आठ चाबियां बरामद, तीन आरोपित गिरफ्तार।

Bhojpur bike-theft gang

Bhojpur bike-theft gang: बिहार के भोजपुर जिले में मास्टर चाबी की मदद से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। बबुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की सात मोटरसाइकिलें, एक मास्टर चाबी और सात अन्य चाबियां बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य भोजपुर, बक्सर और पटना के सीमावर्ती इलाकों में घूमकर खासकर रात के समय बाइक चोरी करते थे।


पुलिस का कहना है कि चोरी के बाद मोटरसाइकिलों के इंजन और अन्य पुर्जों में बदलाव कर उन्हें दूसरी बाइक में लगाया जाता था। इसके बाद मोटरसाइकिलों को बेच दिया जाता था। मामले में बबुरा थाना कांड संख्या 113/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


धुसरिया मोड़ के पास पुलिस ने की कार्रवाई


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर 25 नवंबर की शाम धुसरिया मोड़ के पास पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता सामने आई।


पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में मन्नू बिंद (30 वर्ष), पिता कृष्णा बिंद, निवासी चातर गांव, थाना बड़हरा; रोहित कुमार, पिता पवन राम, निवासी चातर गांव, थाना बड़हरा; और हीरा आलम, पिता जमालुद्दीन, निवासी गजियापुर, थाना सिन्हा, भोजपुर शामिल हैं।


तीन अपाची, दो पल्सर और दो स्प्लेंडर बरामद


पुलिस ने आरोपितों के पास से कुल सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें तीन अपाची, दो पल्सर और दो स्प्लेंडर बाइक शामिल हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में एक पल्सर बबुरा थाना क्षेत्र, एक अपाची नया भोजपुर ओपी, डुमरांव और एक अन्य बाइक आरा नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। मोटरसाइकिलों के अलावा पुलिस ने एक मास्टर चाबी और सात अन्य चाबियां भी बरामद की हैं। पुलिस इन वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान और चोरी से जुड़े मामलों की जांच कर रही है।


रवि बिंद और राजेश बिंद को गिरोह का सरगना बताया


पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का सरगना रवि बिंद, पिता काशीनाथ बिंद और राजेश बिंद, पिता कृष्णा बिंद हैं। दोनों चातर गांव, थाना बड़हरा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि रवि बिंद के खिलाफ बड़हरा, बबुरा, कोईलवर और पटना के फुलवारी थाना समेत विभिन्न थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और डकैती से जुड़े करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।


बबुरा थाना में केस दर्ज, आगे की जांच जारी


इस मामले में बबुरा थाना कांड संख्या 113/26 दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका, चोरी की गई मोटरसाइकिलों के स्रोत और उन्हें बेचने के नेटवर्क की जांच कर रही है। बरामद वाहनों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी जांच के बाद आगे बढ़ाई जाएगी।


बाइक मालिक मास्टर चाबी से रहें सावधान


मास्टर चाबी की बरामदगी के बाद वाहन मालिकों को मोटरसाइकिल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। केवल हैंडल लॉक के भरोसे बाइक खड़ी करना पर्याप्त नहीं हो सकता। वाहन मालिक अतिरिक्त सुरक्षा लॉक का इस्तेमाल करें और जहां तक संभव हो, मोटरसाइकिल को सुरक्षित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।

आरा से आशीष की रिपोर्ट