Bihar News : भागलपुर के पीरपैंती मेले में खूनी संघर्ष, बीजेपी विधायक के बेटे पर लगा युवकों को पीटने का आरोप, वीडियो वायरल

Bihar News : भागलपुर के पीरपैंती में बीजेपी विधायक के बेटे पर युवकों को पीटने का आरोप लगा है. इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है......पढ़िए आगे

विधायक के बेटे की दबंगई - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : जिले के पीरपैंती कृषि मैदान में आयोजित यज्ञ सह मेले के अंतिम दिन बड़ा विवाद सामने आया है। मेले में झूला झूलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि मुरारी पासवान के पुत्र समेत 50–60 लोगों ने दो युवकों की जमकर पिटाई कर दी। घटना के दो वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

नाथनगर से अपने संबंधी के यहां आए अभिषेक यादव और अमरजीत यादव मेला घूमने पहुंचे थे। दोनों ने झूले का टिकट लिया और झूला झूलने जा रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने पहले झूलने की बात कहते हुए उन्हें रोका। कहासुनी बढ़ी तो युवक ने खुद को विधायक का पोता बताया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ ही मिनटों में विधायक के पुत्र अभिजीत पासवान, प्रमुख पति समेत 50–60 लोग मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी। यहां तक कि चौकीदार का डंडा छीनकर हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?

पहला 25 सेकंड का वीडियो दोनों पक्षों के बीच बहस और उसके बाद मारपीट की शुरुआत को दर्शाता है। दूसरे 18 सेकंड के वीडियो में विधायक पुत्र एक युवक को पीटते और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। आसपास 40–50 लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। घायल पक्ष का आरोप घायल अमरजीत यादव ने बताया कि वे चार लोग शाम 7 बजे मेला देखने गए थे। भीड़ के दौरान वालंटियर से हल्की नोकझोंक हुई, लेकिन थोड़ी ही देर में 60–70 लोग पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट पर वार किया गया। डायल 112 पर कॉल करने के बावजूद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई नहीं की। निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। 

विधायक का पक्ष

वहीं भाजपा विधायक मुरारी पासवान ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि दूसरे पक्ष के करीब 20 लोग जबरन झूले पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे और विरोध करने पर उनके 8 वर्षीय पोते से मारपीट की गई। उन्होंने कहा की उनके पुत्र के साथ भी मारपीट की गई। रात 2 बजे उनके कार्यालय के पास खड़ी गाड़ी पर पत्थरबाजी हुई। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया।

पुलिस का क्या कहना है?

पंकज कुमार (SDPO, कहलगांव) ने बताया कि सुबह तक मामला दर्ज नहीं हुआ था। थाना से अपडेट लेकर आगे की जानकारी दी जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।

अंजनी कश्यप की रिपोर्ट