Bihar News : भागलपुर में प्रसूता की मौत मामले में छह डॉक्टरों समेत कई लोगों पर दर्ज हुई FIR, निजी क्लीनिक से सरकारी दवाएं और लेटर पैड की गयी जब्त

Bihar News : भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के खुटहरी गांव स्थित एक निजी क्लीनिक में 21 वर्षीय प्रसूता की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में 6 डॉक्टरों पर FIR दर्ज की गयी है.....पढ़िए आगे

डॉक्टरों पर एफआईआर - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के खुटहरी गांव स्थित निजी क्लीनिक में 21 वर्षीय प्रसूता की मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। इस घटना ने न केवल निजी क्लीनिकों की कार्यप्रणाली, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पतालों में दवाइयों के रखरखाव पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पुलिस ने छह डॉक्टरों समेत आशा कार्यकर्ता, क्लीनिक संचालन से जुड़े लोगों तथा अनुमंडलीय अस्पताल के दवा वितरण प्रभारी, स्टोर प्रभारी और अकाउंटेंट को आरोपित करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। सबसे गंभीर बात यह है कि निजी क्लीनिक की जांच के दौरान सरकारी अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली दवाइयां और चिकित्सा सामग्री बरामद की गई है। बरामद सामान में सर्जिकल ब्लेड के 86 पीस, जीवनरक्षक दवाइयां और अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. पवन कुमार गुप्ता के नाम के 50 लेटर पैड शामिल हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकारी अस्पताल की दवाइयां और चिकित्सा सामग्री निजी क्लीनिक तक कैसे पहुंचीं और इस पूरे मामले में किन लोगों की भूमिका रही।

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम निजी क्लीनिक पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने जांच के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए तथा घटनास्थल से रक्त के नमूने भी एकत्र किए। बरामद सरकारी दवाइयों, सर्जिकल ब्लेड और लेटर पैड को भी जांच के महत्वपूर्ण बिंदुओं में शामिल किया गया है।

छह डॉक्टरों समेत कई लोगों पर प्राथमिकी

प्राथमिकी में डॉ. पवन कुमार गुप्ता के अलावा डॉ. रोहित, डॉ. अमित कुमार, डॉ. नंदन, डॉ. नवीन और डॉ. मिलन के नाम शामिल हैं। इनके साथ आशा कार्यकर्ता रिंकू सिन्हा और निजी क्लीनिक के संचालन से जुड़े अन्य लोगों को भी आरोपित किया गया है। इसके अलावा अनुमंडलीय अस्पताल के दवा वितरण प्रभारी, स्टोर प्रभारी और अकाउंटेंट की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

मायागंज रेफर प्रसूता को निजी क्लीनिक ले जाने का आरोप

जानकारी के अनुसार, गोड्डा थाना क्षेत्र के अर्जुनडीह गांव निवासी हरि मांझी की पत्नी बसंती देवी को प्रसव पीड़ा होने पर अनुमंडलीय अस्पताल कहलगांव में भर्ती कराया गया था। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया था। आरोप है कि मायागंज अस्पताल ले जाने के बजाय उन्हें खुटहरी गांव स्थित निजी क्लीनिक पहुंचा दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सिविल सर्जन ने गठित की जांच टीम, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए टीम का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की जांच में यह भी स्पष्ट करने की कोशिश की जाएगी कि सरकारी अस्पताल की दवाइयां और चिकित्सा उपकरण निजी क्लीनिक तक कैसे पहुंचे तथा इसके लिए जिम्मेदार कौन है।

अब जांच के केंद्र में सरकारी दवाइयों का नेटवर्क

प्रसूता की मौत के मामले में पुलिसिया जांच के साथ स्वास्थ्य विभाग की जांच भी अहम हो गई है। निजी क्लीनिक से सरकारी अस्पताल के नाम वाली चिकित्सा सामग्री और उपाधीक्षक के नाम के लेटर पैड मिलने के बाद अस्पताल के भंडारण, दवा वितरण और निगरानी व्यवस्था की जवाबदेही तय करना जरूरी हो गया है। जांच के नतीजे से यह स्पष्ट होगा कि सरकारी संसाधनों के निजी इस्तेमाल के पीछे लापरवाही थी या किसी स्तर पर मिलीभगत।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट