Bihar Crime : भागलपुर में बदमाशों ने की बासा पर सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

Bihar Crime : भागलपुर में इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के चंडी स्थान के पास अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए बासा पर सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी।

बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के चंडी स्थान के पास अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए बासा पर सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने बुजुर्ग के सिर में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया है और शुरुआती जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की पत्नी ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जमीन विवाद को लेकर नागे मंडल के साथ लंबे समय से तनातनी चल रही थी। उन्होंने बताया कि इसी विवाद को लेकर वह 16 नवंबर को इस्माइलपुर थाने में आवेदन देने गई थीं, लेकिन पुलिस ने उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया।

पत्नी का आरोप है कि यदि पुलिस ने समय रहते उनकी शिकायत पर ध्यान दिया होता और कार्रवाई की होती, तो शायद इस हत्याकांड को टाला जा सकता था। उन्होंने स्पष्ट रूप से आशंका जताई है कि जमीन विवाद की रंजिश के चलते ही उनके पति को निशाना बनाया गया और उनकी जान ली गई।

वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस जमीन विवाद, पुरानी रंजिश समेत अन्य सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है, जबकि आरोपियों की पहचान और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट