सोनपुर मेला के घोड़ा बाजार में छाया 'साधू', 8 साल का नन्हा विशाल 30-40 की रफ्तार से दौड़ाता है घोड़ा

सारण जिले के सोनपुर में 22 नवंबर से शुरू होने वाले हरिहर क्षेत्र मेले से पहले ही घोड़ा बाजार में बढ़ने लगी रौनक। इसबार मेले में बक्सर से आया काले-सफेद रंग का घोड़ा 'साधू' और उसका नन्हा घुड़सवार विशाल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है....

सोनपुर मेला के घोड़ा बाजार में छाया 'साधू', 8 साल का नन्हा व
सोनपुर मेला के घोड़ा बाजार में छाया 'साधू'- फोटो : रिषभ कुमार

Chapra : विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की शुरुआत आगामी 22 नवंबर से होने जा रही है। मेले के आधिकारिक आगाज से पहले ही इसके मशहूर घोड़ा बाजार में चहल-पहल और रौनक बढ़ने लगी है। दूर-दराज के इलाकों से व्यापारी अपने-अपने घोड़े लेकर सोनपुर पहुंचने लगे हैं।


बक्सर से आया काले-सफेद रंग का 'साधू' और उसका नन्हा घुड़सवार विशाल बने आकर्षण का केंद्र

घोड़ा बाजार में इन दिनों बक्सर जिले से लाया गया एक घोड़ा सबका ध्यान अपनी ओर खींच रहा है, जिसका नाम 'साधू' रखा गया है। काले-सफेद रंग का यह घोड़ा दिखने में बेहद आकर्षक है, लेकिन इससे भी अधिक चर्चा और आकर्षण का केंद्र इसका छोटा सा चालक विशाल बना हुआ है।


मात्र 8 साल की उम्र में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से घोड़ा दौड़ाने का दावा

महज 8 साल का विशाल पिछले करीब एक साल से इस घोड़े की सवारी कर रहा है। विशाल का कहना है कि वह 'साधू' को 30 से 40 की स्पीड में आसानी से दौड़ा लेता है। बचपन से ही घोड़े पर घूमने के शौकीन विशाल ने बताया कि उसके पिता ने ही उसे घुड़सवारी के गुर सिखाए हैं।


छोटी उम्र में घुड़सवारी का हुनर देख हैरान लोग, जुट रही भीड़

बक्सर से सोनपुर पहुंचे इस नन्हे घुड़सवार की फुर्ती और आत्मविश्वास देखकर मेले में पहुंच रहे लोग खासे हैरान हैं। 'साधू' और विशाल को देखने तथा उनकी घुड़सवारी की झलक पाने के लिए घोड़ा बाजार में लोगों की भीड़ जुट रही है, जिससे मेले का उत्साह और बढ़ गया है।


रिषभ की रिपोर्ट