Vande Bharat Train: बिहार में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव, C-7 कोच की खिड़कियां टूटीं, यात्रियों में मचा हड़कंप, सामने आई बड़ी वजह
Vande Bharat Train: बिहार में एक बार फिर वंदे भारत ट्रेन पर पथराव किया गया है। इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। हर तरफ चीथ पुकार मच गई।
Vande Bharat Train: भारतीय रेलवे ने वंदे भारत का परिचालन रेलवे यात्रियों को सुविधा देने के लिए किया है लेकिन आए दिन वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की खबर सामने आती है। एक बार फिर वंदे भारत पर पथराव किया गया है। मामला भागलपुर का है। जानकारी अनुसार भागलपुर-दुमका रेलखंड पर शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। इस घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया।
वंदे भारत ट्रेन पर पथराव
बताया जा रहा है कि, ट्रेन दोपहर 3:05 बजे भागलपुर से अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई थी। इसी दौरान हाट पुरैनी और टिकानी स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर एक पशु ट्रेन की चपेट में आ गया। पशु की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। अचानक हुए इस हमले से यात्रियों में अफरातफरी मच गई और ट्रेन में चीख-पुकार गूंज उठी। हालांकि घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
खिड़कियों के शीशे क्षतिगस्त
जानकारी अनुसार पथराव में ट्रेन के सी-7 कोच की 41 और 42 नंबर सीट की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि पथराव टिकानी स्टेशन के आसपास हुआ है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच में जुटी पुलिस
एडीआरएम शिव कुमार प्रसाद ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि रेलवे ट्रैक पर जानवरों को लाना एक दंडनीय अपराध है। उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन के किनारे बसे गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि लोग जानवरों को ट्रैक पर लाने और ट्रेनों पर पत्थरबाजी से बचें। गौरतलब है कि अप्रैल महीने में भी इसी रेलखंड पर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना हुई थी, जिसमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ बच्चों की पहचान कर उनके परिजनों पर कार्रवाई की गई थी।