Bihar Crime: बिहार में गोलियों की बारिश, अपराधियों नें युवक को मौत के घाट उतारा, बाइक सवार बदमाशों ने बरसाई दर्जनभर गोलियां
Bihar Crime: बेखौफ बदमाशों ने सरेआम गोलियों की बौछार कर एक युवक को मौत के घाट उतार दिया।...
Bihar Crime: बेखौफ बदमाशों ने सरेआम गोलियों की बौछार कर एक युवक को मौत के घाट उतार दिया। इस खूनी खेल के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए। यह खौफनाक वारदात सहरसा के सदर थाना क्षेत्र स्थित मीरा सिनेमा रोड पर हुई, जहां अपराधियों ने अपनी बंदूक की नली से ऐसा कहर बरपाया कि पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा।
मृतक की पहचान छोटू मिश्रा नाम के युवक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात वह इलाके में मौजूद था, तभी अचानक बाइक पर सवार होकर आए हथियारबंद अपराधियों ने उसे अपना निशाना बना लिया। चश्मदीदों के मुताबिक हमलावरों ने बिना किसी डर या हिचकिचाहट के ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। देखते ही देखते गोलियों की झड़ी लग गई और छोटू मिश्रा लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उस पर करीब एक दर्जन गोलियां दाग दीं। गोलियों की गूंज से आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए, जबकि घायल छोटू मिश्रा सड़क पर तड़पता रह गया। स्थानीय लोगों ने हिम्मत जुटाकर उसे आनन-फानन में एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों की मानें तो मृतक छोटू मिश्रा का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। बताया जाता है कि वह आपराधिक प्रवृत्ति का था और इलाके में उसकी पहचान एक विवादित शख्स के तौर पर होती थी। हालांकि इस खौफनाक मर्डर के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
पुलिस इस मामले को आपसी दुश्मनी, गैंगवार और पुराने हिसाब-किताब के एंगल से खंगाल रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस खूनी वारदात में शामिल अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।