Bihar News : भागलपुर में तीन बच्चों के साथ लापता हुई पत्नी, पति ने लगाया अपहरण का आरोप, थाने में दर्ज करायी शिकायत

BHAGALPUR : जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों के गायब होने के बाद अपहरण की आशंका जताई है। पीड़ित ने इस संबंध में स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है और पुलिस से अपने परिवार की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है।

पीड़ित मोहम्मद अन्नू अंसारी द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, उसकी पत्नी अपने तीन छोटे बच्चों के साथ बीते 21 अप्रैल 2026 से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। परिजनों ने अपने स्तर पर सगे-संबंधियों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद थक-हारकर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली है।

अन्नू अंसारी ने अपने आवेदन में मोहम्मद राजू शेख समेत कुछ अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपी उसकी पत्नी और बच्चों को बहला-फुसलाकर कहीं ले गए हैं। पीड़ित ने यह भी आशंका व्यक्त की है कि उसकी पत्नी और बच्चों के साथ कोई अनहोनी हो सकती है, जिससे पूरा परिवार गहरे सदमे और डर में है।पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में त्वरित कार्रवाई की जाए और नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं। साथ ही, उसने प्रशासन से अपने बच्चों और पत्नी की जल्द से जल्द बरामदगी सुनिश्चित करने की अपील की है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नाथनगर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन सभी संभावित पहलुओं से की जा रही है। आरोपियों की भूमिका और लापता महिला व बच्चों के ठिकाने का पता लगाने के लिए पुलिस तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा ले रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है। 

बालमुकुन्द की रिपोर्ट