Bihar News : बक्सर में विश्वामित्र सहित तीन महोत्सव का होगा आयोजन, तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक

Bihar News : आनेवाले दिनों में बक्सर में ब्रह्मपुर महोत्सव, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव एवं विश्वामित्र महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. इस मामले को लेकर डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की.....पढ़िए आगे

महोत्सव की तैयारी - फोटो : SOCIAL MEDIA

BUXAR : जिला पदाधिकारी बक्सर साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में ब्रह्मपुर महोत्सव, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव एवं विश्वामित्र महोत्सव के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराते हुए व्यापक विमर्श किया गया, जिसके पश्चात तीनों महोत्सवों की तिथियां निर्धारित की गईं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विश्वामित्र महोत्सव 21 फरवरी 2026, ब्रह्मपुर महोत्सव 28 फरवरी 2026 तथा उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव 21 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित एवं जनभागीदारी के साथ संपन्न हों, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने जानकारी दी कि सभी महोत्सवों में अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति होगी। डीएम ने निर्देश दिया कि 16, 17 एवं 18 फरवरी को आम्रपाली केंद्र बक्सर में ऑडिशन आयोजित कर स्थानीय प्रतिभाओं का चयन सुनिश्चित किया जाए। ऑडिशन के लिए कलाकारों को 14 फरवरी तक आवेदन, न्यूनतम आयु 18 वर्ष, निवास प्रमाण पत्र एवं कलाकार रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को तीनों महोत्सवों में प्रस्तुति का अवसर मिलेगा।

प्रचार-प्रसार को लेकर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को बक्सर, डुमरांव सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर फ्लैक्स, समाचार पत्रों एवं सरकारी कार्यालयों के माध्यम से व्यापक प्रचार के निर्देश दिए गए। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को अपने-अपने स्तर से प्रचार अभियान तेज करने को कहा गया।विश्वामित्र महोत्सव के मद्देनज़र नगर परिषद बक्सर को किला मैदान की साफ-सफाई एवं चलंत शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर लोक नृत्य, नृत्य-नाटिका, लोक संगीत एवं गजल जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सिविल सर्जन को फर्स्ट एड, एंबुलेंस एवं चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति तथा अग्निशमन पदाधिकारी को फायर टेंडर एवं अग्निदल तैनात रखने के निर्देश दिए गए। विधि-व्यवस्था संधारण के लिए अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर सदर एवं डुमरांव को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं बैठक में डीएम साहिला ने कहा कि तीनों महोत्सव बक्सर की सांस्कृतिक पहचान हैं, इनके आयोजन में गुणवत्ता, सुरक्षा और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

बहरहाल जिला प्रशासन की इस अग्रिम और सघन तैयारी से स्पष्ट है कि बक्सर में होने वाले तीनों महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जिले की ऐतिहासिक विरासत और लोककलाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का माध्यम बनेंगे। जिला पदाधिकारी साहिला के सख्त निर्देशों एवं विभागीय समन्वय के चलते इन महोत्सवों के भव्य, सुरक्षित और सफल आयोजन की पूरी उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय कलाकारों को मंच देने की यह पहल न सिर्फ प्रतिभाओं को उभारने का अवसर देगी, बल्कि बक्सर की सांस्कृतिक गरिमा को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

संदीप की रिपोर्ट