हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसएसपी ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

छपरा के सोनपुर में लगने वाले हरिहर क्षेत्र मेला का रविवार को सीएम सम्राट चौधरी उद्घाटन करेंगे। सीएम के आगमन को लेकर मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर मंच तक चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। पुलिस अधिकारियों को ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ने की हिदायत दी गई है...

सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन को लेकर प्रशासन अलर्ट- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapra : विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर सारण जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रविवार, 22 नवंबर 2026 को सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने मेला परिसर के विभिन्न स्थलों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों को संबोधित करते हुए उन्हें सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं मुस्तैदी से निर्वहन करने का निर्देश दिया।


साफ-सफाई, सजावट, विद्युत व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने का आदेश

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी और कर्मी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखें। उन्होंने साफ-सफाई, साज-सज्जा, लाइटिंग, विद्युत व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा, ताकि प्रत्येक क्षेत्र स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बना रहे।


मुख्य प्रवेश द्वार और मंच के पास विशेष सतर्कता, मीडिया व्यवस्था के लिए भी निर्देश

मुख्य प्रवेश द्वारों तथा मुख्य मंच के प्रवेश द्वार, जहां से मुख्यमंत्री का आगमन निर्धारित है, वहां तैनात पदाधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क एवं व्यवस्थित ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया गया, ताकि कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो। इसके साथ ही जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को मीडिया प्रतिनिधियों के लिए निर्धारित स्थल पर उनकी आवाजाही और बैठने की व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने को कहा गया।


जिला सीमा में प्रवेश से लेकर प्रस्थान तक ड्यूटी स्थल पर बने रहना अनिवार्य

डीएम और एसएसपी ने सख्त हिदायत दी कि मुख्यमंत्री के सारण जिला सीमा में प्रवेश से लेकर हरिहरनाथ मंदिर आगमन और कार्यक्रम के उपरांत जिला सीमा से प्रस्थान तक सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी व कर्मी अपने निर्धारित स्थल पर अनिवार्य रूप से तैनात रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों के प्रस्थान के बाद ही सक्षम निर्देश के आलोक में ड्यूटी स्थल छोड़ा जा सकेगा और बिना अनुमति कोई भी कर्मी अपना स्थान नहीं छोड़ेगा।


आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ आयोजन को भव्य व सुरक्षित बनाने का आह्वान

जिलाधिकारी ने कहा कि सोनपुर मेला का उद्घाटन एक महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित आयोजन है, जिसे भव्य, गरिमामय, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने में सभी पदाधिकारियों और कर्मियों की भूमिका अहम है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय, तत्परता और जवाबदेही के साथ अपने कर्तव्यों का पालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।


धर्मेंद्र की रिपोर्ट