सोनपुर मेले के उद्घाटन समारोह में सीएम के इंतजार में घंटों तक भूखी-प्यासी रहीं बैठीं जीविका दीदियां, पानी के लिए बाहर जाने से रोकने का आरोप

सोनपुर मेला के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंची जीविका दीदियों ने गंभीर आरोप लगाए है।आरोप है कि सीएम के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हे बुलाया गया था, लेकिन घंटों भूखे-प्यासे रहना पड़ा और पानी के लिए कार्यक्रम स्थल से बाहर भी नहीं जाने दिया गया..

जीविका दीदियों का गंभीर आरोप - फोटो : रिषभ कुमार

Chapra : विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के स्वागत के लिए बुलाई गईं जीविका दीदियों को कार्यक्रम स्थल पर घंटों तक इंतजार करना पड़ा। महिलाओं का आरोप है कि उन्हें दोपहर एक बजे ही कार्यक्रम स्थल पर बुला लिया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री के आने तक वे भूखी-प्यासी बैठी रहीं। इस दौरान उन्हें पीने के लिए पानी तक उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे महिलाएं काफी परेशान दिखीं।


दोपहर एक बजे से बुलाने का आरोप, कई घंटे बीतने पर बढ़ी परेशानी

जीविका दीदी चंदा देवी ने बताया कि उन्हें दोपहर एक बजे यह कहकर बुलाया गया था कि मुख्यमंत्री सोनपुर मेले का उद्घाटन करने आ रहे हैं और इस कार्यक्रम में जीविका दीदियों को शामिल होना है। हालांकि, निर्धारित समय के बाद भी कई घंटे बीत जाने तक कार्यक्रम शुरू नहीं हो सका और महिलाओं को लगातार इंतजार करना पड़ा।


कार्यक्रम स्थल से बाहर जाने पर महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा रोकने का आरोप

चंदा देवी ने आरोप लगाया कि घंटों के इंतजार और असुविधा से परेशान होकर जब सैकड़ों महिलाएं वहां से बाहर जाने का प्रयास करने लगीं, तो मौके पर तैनात महिला पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया। इस वजह से महिलाओं में और अधिक आक्रोश देखा गया।


पेयजल और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर महिलाओं में दिखा रोष

कार्यक्रम स्थल पर पीने के पानी की कमी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर जीविका दीदियों ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। महिलाओं का कहना था कि इतनी बड़ी संख्या में बुलाने के बावजूद उनके बैठने और पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी।


सरकारी आयोजनों में भीड़ जुटाने और बुनियादी इंतजामों पर उठे सवाल

इस घटना के सामने आने के बाद प्रशासनिक तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि सरकारी कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने के लिए बुलाई जाने वाली महिलाओं की बुनियादी सुविधाओं और सम्मान का ध्यान आखिर क्यों नहीं रखा जाता।


रिषभ की रिपोर्ट