Bihar News : बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद के लिए विधायक छोटी कुमारी ने की पहल, मुख्यमंत्री राहत कोष में एक माह का दिया वेतन
Bihar News : छपरा विधायक छोटी कुमारी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर बाढ़ सहित विभिन्न आपदाओं से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए अपने एक माह के वेतन का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष में सौंपा.....पढ़िए आगे
CHAPRA : छपरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने एक माह के वेतन का चेक सौंपा। इस पहल के माध्यम से उन्होंने बाढ़ सहित विभिन्न आपदाओं से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए अपना योगदान दिया। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक ने छपरा के विकास, आवागमन की सुविधा, जलजमाव की समस्या, किसानों के हितों की रक्षा तथा क्षेत्र के प्राचीन धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों के संरक्षण और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इस दौरान रिविलगंज से सिताबदियारा के बीच पीपा पुल का निर्माण शीघ्र कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई। विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा। इस पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शीघ्र निर्माण कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही इसके एस्टीमेट को तैयार कराने के लिए संबंधित विभाग को भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से क्षेत्र में पीपा पुल निर्माण की उम्मीद जगी है।
रामायण काल से जुड़े पौराणिक स्थलों को राम सर्किट से जोड़ने की मांग
विधायक छोटी कुमारी ने छपरा विधानसभा क्षेत्र एवं आसपास के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों के संरक्षण, विकास तथा सौंदर्यीकरण का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने भगवान हनुमान जी के ननिहाल, गौतम ऋषि स्थान, अहिल्या उद्धार स्थल एवं श्रृंगी ऋषि आश्रम जैसे रामायण काल से जुड़े प्राचीन, पौराणिक और धार्मिक स्थलों के समग्र विकास की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इन धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण कर इन्हें पर्यटन की दृष्टि से आपस में जोड़ा जाए तथा इन प्राचीन पौराणिक स्थलों को राम सर्किट में शामिल करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए। विधायक ने कहा कि इन स्थलों का समुचित विकास होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
छपरा में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए उठाई मांग
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक ने छपरा में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए जगदम कॉलेज रेलवे ढाला पर रेल ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कराने की मांग की। इसके साथ ही भिखारी ठाकुर रेलवे ढाला, गड़खा ढाला एवं रामनगर ढाला से जुड़ी समस्याओं के समाधान का आग्रह किया। उन्होंने छपरा से पटना के बीच दो जोड़ी नई पैसेंजर/इंटरसिटी ट्रेनों का परिचालन शुरू कराने तथा ब्रह्मपुर रेलवे ढाला संख्या-53 पर सिग्नल को लगभग 100 मीटर आगे स्थानांतरित करने की तकनीकी संभावना की जांच कराने का अनुरोध भी किया।
जलजमाव और अधूरी विकास योजनाओं का मुद्दा उठाया
छपरा शहर में प्रत्येक वर्ष होने वाले जलजमाव की समस्या को गंभीरता से उठाते हुए विधायक छोटी कुमारी ने रेलवे लाइन के किनारे स्थित मुख्य जलनिकासी नालों की सफाई, उड़ाही एवं मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने आग्रह किया कि रेलवे अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए। इसके अलावा, उन्होंने बुडको की अधूरी विकास योजनाओं, खनुआ नाला एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना का मुद्दा उठाया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं कथित अनियमितताओं की जांच कराने तथा लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने का अनुरोध किया, ताकि शहरवासियों को जलजमाव से राहत मिल सके।
सिताबदियारा के प्रभावित परिवारों और किसानों की समस्याओं पर दिया जोर
विधायक ने सिताबदियारा क्षेत्र में तटबंध निर्माण में आ रही बाधाओं का समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के घरों को उजाड़े बिना तटबंध निर्माण का कार्य पूरा कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। वहीं, सिताबदियारा एवं दक्षिणवारी चक्की क्षेत्र के किसानों की भूमि के वर्गीकरण, टोपो लैंड घोषित किए जाने तथा लगान में लगभग सात गुना वृद्धि से जुड़ी समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कराकर प्रभावित किसानों को न्याय दिलाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया एक माह का वेतन
बाढ़ सहित विभिन्न आपदाओं से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए विधायक छोटी कुमारी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने एक माह के वेतन का चेक सौंपा। इस पहल के माध्यम से उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त की। विधायक ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना और संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहना उनकी प्राथमिकता है। समाज के कमजोर एवं आपदा प्रभावित वर्गों की मदद के लिए सभी को अपनी क्षमता के अनुसार आगे आना चाहिए।
समयबद्ध कार्रवाई से छपरा के विकास को मिलेगी गति
विधायक छोटी कुमारी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों, रेलवे अधिकारियों, जिला प्रशासन एवं नगर निगम के बीच समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि छपरा विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास, जनसुविधाओं में सुधार, किसानों के हितों की रक्षा, धार्मिक एवं पौराणिक विरासत का संरक्षण और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष लगातार उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास जारी रहेंगे।