सोनपुर मेला-2026: सीएम के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज, डीएम और एसएसपी ने हरिहरनाथ मंदिर से जेपी सेतु चेकपोस्ट तक किया निरीक्षण

सारण जिले के सोनपुर में लगने वाले हरिहर क्षेत्र मेले का शुभारंभ सीएम के हाथों होने को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई है। डीएम-एसएसपी ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल में पड़ने वाले मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया....

सीएम के संभावित दौरे को लेकर सोनपुर मे प्रशासनिक तैयारी तेज- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapra : एशिया प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के भव्य शुभारंभ और इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से सोनपुर मेला क्षेत्र से लेकर मुख्यमंत्री के संभावित यात्रा मार्ग का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत दोनों अधिकारियों ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के साथ मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं की समीक्षा करके की।


मुख्य कार्यक्रम स्थल पर मंच, हैंगर निर्माण और प्रशासनिक शिविरों की व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा

बाबा हरिहरनाथ मंदिर के पश्चात दोनों वरीय अधिकारी मुख्य कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रस्तावित हैंगर, मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था और विद्युत समेत अन्य आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही मेला परिसर में स्थापित किए जा रहे विभिन्न प्रशासनिक शिविरों का भी निरीक्षण किया गया। 


डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा और सुरक्षा मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, तथा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


जेपी सेतु चेकपोस्ट तक यात्रा मार्ग का निरीक्षण, वीवीआईपी प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा के निर्देश

कार्यक्रम स्थल की समीक्षा के बाद डीएम और एसएसपी जेपी सेतु चेकपोस्ट तक पहुंचे और मुख्यमंत्री के संभावित यात्रा मार्ग पर सड़क की स्थिति, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित वीवीआईपी दौरे के मद्देनजर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए और मार्ग पर यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं।


आपसी समन्वय से तैयारियों को अंतिम रूप देने पर प्रशासन का जोर

निरीक्षण के दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और गंभीरता के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा, यातायात, मंच निर्माण और विद्युत व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि सोनपुर मेला-2026 का उद्घाटन समारोह पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न हो सके।


धर्मेंद्र की रिपोर्ट