सोनपुर मेला-2026: इस बार सजेंगे पांच थिएटर, यह थिएटर' होगा खास आकर्षण का केंद्र

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र मेले का उद्घाटन 22 नवंबर को होगा, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में है। इसबार मेले में 5 थिएटर सजेंगे जिसमें गुलाब थिएटर आकर्षण का खास केन्द्र होगा......

सोनपुर मेला इस बार सजेंगे पांच थिएटर- फोटो : रिषभ कुमार

Chapra : विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का भव्य उद्घाटन आगामी 22 नवंबर को होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक और पारंपरिक मेले के आयोजन को लेकर पूरे मेला परिसर में प्रशासनिक और व्यावसायिक तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मेले की रौनक बढ़ाने और सैलानियों के भरपूर मनोरंजन के लिए परिसर में खास इंतजाम किए जा रहे हैं।


मेला परिसर में सजेंगे कुल पांच थिएटर, ग्रेट गुलाब विकास थिएटर रहेगा मुख्य आकर्षण

इस वर्ष सोनपुर मेले में दर्शकों के मनोरंजन के लिए कुल पांच थिएटर लगाए जा रहे हैं। इनमें 'ग्रेट गुलाब विकास थिएटर' खास आकर्षण का केंद्र रहने वाला है। यहां अनुभवी महिला और पुरुष कलाकारों की ओर से एक से बढ़कर एक रंगारंग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिसे लेकर दर्शकों में अभी से उत्साह देखा जा रहा है।


बिहार समेत अन्य क्षेत्रों से भी कलाकारों के पहुंचने की पूरी संभावना

मेले के थिएटरों में इस बार बिहार के अलग-अलग जिलों के अलावा देश के अन्य क्षेत्रों से भी नामी और अनुभवी कलाकारों के पहुंचने की संभावना है। थिएटर संचालकों द्वारा दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए विशेष कार्यक्रम और नृत्य-संगीत की प्रस्तुतियां तैयार की जा रही हैं, ताकि हर वर्ग के लोगों का मनोरंजन हो सके।


शाम ढलते ही रोशनी और चहल-पहल से गुलजार होगी थिएटर नगरी

सोनपुर मेला घूमने आने वाले दूर-दराज के सैलानियों और स्थानीय लोगों के लिए थिएटर हमेशा से मनोरंजन का सबसे प्रमुख केंद्र माना जाता है। मेले के शुरू होते ही शाम ढलते ही पूरा थिएटर परिसर रंग-बिरंगी रोशनी, संगीत और दर्शकों की भारी चहल-पहल से गुलजार होने की उम्मीद है।


दर्शकों को उच्च स्तरीय मनोरंजन उपलब्ध कराने पर जोर: मनोज राय

ग्रेट गुलाब विकास थिएटर के संचालक मनोज राय ने बताया कि दर्शकों की रुचि और उनके भरपूर मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि थिएटर के मंच पर अनुभवी महिला और पुरुष कलाकार अपनी शानदार कला का प्रदर्शन करेंगे, ताकि मेले में आने वाले हर दर्शक को बेहतर और यादगार मनोरंजन उपलब्ध कराया जा सके।


रिषभ की रिपोर्ट