Bihar News : विश्वामित्र सेना ने ग्लोबल AI स्किल्स एंड एजुकेशन एक्सपो का किया आयोजन, राजकुमार चौबे बोले- सौ से अधिक कंपनियों की होगी भागीदारी

Bihar News : पटना में पहली बार 'ग्लोबल AI स्किल्स एंड एजुकेशन एक्सपो-2026' का शुभारंभ किया गया। जिसमें 5 हज़ार से अधिक युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है....पढ़िए आगे

Bihar News : विश्वामित्र सेना ने ग्लोबल AI स्किल्स एंड एजुके
एक्सपो का आयोजन - फोटो : DHARMENDRA

PATNA : बिहार के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), आधुनिक तकनीकी शिक्षा और वैश्विक रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में राजधानी पटना में पहली बार ग्लोबल AI स्किल्स एंड एजुकेशन एक्सपो- 2026 का शुभारंभ किया गया। पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में विश्वामित्र सेना के सौजन्य से आयोजित इस तीन दिवसीय एक्सपो का उद्घाटन (19 से 21 नवंबर) किया गया। इसका उद्देश्य बिहार के युवाओं को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप कौशलयुक्त बनाना और उनके लिए रोजगार एवं करियर के नए रास्ते खोलना है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व आईएएस अधिकारी मनीष वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) शरद कुमार यादव, मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी, हिमालया विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कुमार हरिहर राघवेंद्र, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं हिमालया विश्वविद्यालय के विजिटर शशांक शेखर सिन्हा, नालंदा फाउंडेशन के संस्थापक राहुल कुमार तथा बिजनेस क्रांति के संस्थापक सुमन कुमार की उपस्थिति भी प्रस्तावित रही।

एक्सपो के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षण संस्थानों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, आधुनिक कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विभिन्न आयामों से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन में युवाओं को बदलते तकनीकी परिदृश्य और वैश्विक रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया है।

विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राज कुमार चौबे ने बताया कि इस तीन दिवसीय एक्सपो में सौ से अधिक कंपनियों की भागीदारी होगी। इसके माध्यम से युवाओं के लिए पांच हजार से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं, करियर मार्गदर्शन, कौशल प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीकी शिक्षा से संबंधित जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रभाव शिक्षा, उद्योग, व्यवसाय और रोजगार के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं के लिए नई तकनीकों का ज्ञान और व्यावहारिक कौशल हासिल करना महत्वपूर्ण हो गया है। इस आयोजन के जरिए उन्हें तकनीकी बदलावों को समझने, अपनी दक्षता विकसित करने और रोजगार की नई संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

राज कुमार चौबे का मानना है कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य से आयोजित यह एक्सपो युवाओं, कंपनियों, शिक्षण संस्थानों और कौशल विकास से जुड़े संगठनों के बीच संवाद एवं सहयोग का मंच तैयार करने की पहल है। विश्वामित्र सेना ने विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षण संस्थानों से इस आयोजन में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट