सारण के इन तीन और बाजारों को मिलेगी जाम से निजात, सांसद राजीव प्रताप रूडी की पहल पर बाईपास निर्माण की कवायद तेज

छपरा जिले के तीन मुख्य बाजारों में लगने वाले जाम से लोगों को जल्द ही निजात मिलेगी। स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रुडी की पहल पर बाईपास निर्माण को लेकर डीएम संबंधित विभाग के इंजिनियरों को डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया है...

सारण के इन तीन और बाजारों को मिलेगी जाम से निजात- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapra : सारण जिले के प्रमुख बाजारों को भीषण जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। स्थानीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के प्रयासों से जिले के दरियापुर (बेला रेल चक्का कारखाना के पास), मढ़ौरा और डेरनी बाजार में तीन नए बाईपास निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। सांसद द्वारा भेजे गए पत्र पर संज्ञान लेते हुए सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अभियंताओं को प्रस्तावित स्थलों का बारीकी से निरीक्षण कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश दिया है।


सांसद के पत्र के बाद कार्यपालक अभियंता सोनपुर को सौंपी गई डीपीआर की जिम्मेदारी

जानकारी के अनुसार, सांसद राजीव प्रताप रूडी ने 30 अक्टूबर को जिलाधिकारी को पत्र लिखकर डेरनी-बेला रेल चक्का कारखाना के समीप एनएच-73 की ओर, मढ़ौरा बाजार और डेरनी बाजार में बाईपास निर्माण की अत्यधिक आवश्यकता से अवगत कराया था। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से दो नवंबर को पत्र जारी कर कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, सोनपुर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इन निर्देशों के तहत अभियंताओं की टीम तीनों स्थलों पर भूमि की उपलब्धता, भू-अर्जन की आवश्यकता और अन्य तकनीकी पहलुओं का आकलन कर डीपीआर तैयार करेगी, जिसके बाद इसे स्वीकृति के लिए विभाग को भेजा जाएगा।


गड़खा, परसा और रिविलगंज-बिशुनपुरा सहित कई सड़क परियोजनाओं पर पहले से चल रहा है काम

इस पहल पर जानकारी देते हुए सांसद रूडी ने बताया कि सारण में सड़क संपर्क और यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए पहले से ही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इनमें गड़खा और परसा बाईपास के साथ-साथ रिविलगंज-बिशुनपुरा चार लेन बाईपास, छपरा बाईपास के एनएच-19 खंड में तीन अतिरिक्त लेन का निर्माण, छपरा बाईपास से मेडिकल कॉलेज तक चार लेन सड़क और अमनौर बाईपास जैसी बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।


स्थानीय व्यापारियों और यात्रियों का आवागमन होगा सुगम, घटेगा वाहनों का दबाव

सांसद ने कहा कि इन तीनों नए बाईपास के प्रस्तावों को भी जिले के बुनियादी ढांचे के विकास की इसी कड़ी में आगे बढ़ाया जा रहा है। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने और पूरा होने से प्रमुख बाजारों व कस्बों के भीतर भारी वाहनों का दबाव काफी कम हो जाएगा। इससे न केवल स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को रोजमर्रा के ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत मिलेगी, बल्कि अन्य क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों का सफर भी बेहद सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।


धर्मेंद्र की रिपोर्ट