Film on Devraha Baba : देवराहा बाबा के जीवन और आध्यात्मिक विरासत पर बनेगी फिल्म ‘रुद्रयोगी’, 2027 के सावन में होगी रिलीज

Film on Devraha Baba : बिहार के प्रसिद्ध लेखक और आध्यात्मिक चिंतक डॉ. विक्रम मिश्रा ने महान संत पूज्य देवराहा बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत को बड़े पर्दे पर लाने की आधिकारिक घोषणा कर दी है।

देवराहा बाबा पर फिल्म - फोटो : VARUN

DARBHANGA : बिहार के प्रसिद्ध लेखक और आध्यात्मिक चिंतक डॉ. विक्रम मिश्रा ने पूज्य देवराहा बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत को बड़े पर्दे पर लाने की घोषणा की है। उनकी बेस्टसेलर पुस्तक ‘महादेव अंश’ पर आधारित फिल्म ‘रुद्रयोगी’ के जरिए देश-दुनिया में श्रद्धा और आस्था के केंद्र रहे देवराहा बाबा के जीवन से जुड़े प्रसंगों को सिनेमाई रूप दिया जाएगा। फिल्म को वर्ष 2027 के सावन माह में सिनेमाघरों में रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया है।

डॉ. विक्रम मिश्रा ने प्रेसवार्ता में बताया कि फिल्म की कहानी पूज्य देवराहा बाबा के जीवन, उनके आध्यात्मिक चिंतन और भक्तों के बीच उनकी गहरी आस्था पर केंद्रित होगी। फिल्म की अधिकांश शूटिंग मिथिलांचल के साथ उत्तर प्रदेश और वृंदावन में की गई है। इन स्थानों का चयन इसलिए किया गया, क्योंकि आज भी यहां देवराहा बाबा से जुड़ी यादें और उनकी आध्यात्मिक विरासत की स्मृतियां सुरक्षित हैं।

उन्होंने बताया कि उनकी पुस्तक ‘महादेव अंश’ का विमोचन प्रसिद्ध लेखक चेतन भगत ने मुंबई के ताज होटल में किया था। अब इसी पुस्तक की विषयवस्तु को फिल्म के माध्यम से व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है। फिल्म ‘रुद्रयोगी’ का निर्देशन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता रवि राज मुर्मू करेंगे। फिल्म में मुख्य भूमिकाओं के लिए विनीत कुमार सिंह, मोहित रैना, अविनाश तिवारी, शरद केलकर, करण टैकर और राजीव खंडेलवाल सहित कई कलाकारों के नाम शामिल हैं।

गौरतलब है कि नीम करोली बाबा की कहानी को पर्दे पर प्रस्तुत करने वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद भक्ति और अध्यात्म पर आधारित फिल्मों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी है। ऐसे में ‘रुद्रयोगी’ के जरिए पूज्य देवराहा बाबा के जीवन, उनके विचारों और आध्यात्मिक प्रभाव को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। मिथिलांचल की धरती से जुड़ी इस फिल्म को लेकर क्षेत्र के लोगों में भी उत्सुकता देखी जा रही है।

वरुण की रिपोर्ट