Bihar News : दरभंगा गोलीकांड में SIT की एंट्री, CCTV फुटेज ने बदली मामले की दिशा, नामजद आरोपियों की मौजूदगी पर उठे सवाल

Bihar News : जिले के लहेरियासराय रेलवे रैक पॉइंट के समीप इलेक्ट्रिक दुकानदार शैलेन्द्र कुमार झा को गोली मारकर घायल करने का मामला लगातार उलझता जा रहा है.....पढ़िए आगे

CCTV फुटेज ने बदली मामले की दिशा- फोटो : VARUN

DARBHANGA : जिले के लहेरियासराय रेलवे रैक पॉइंट के समीप इलेक्ट्रिक दुकानदार शैलेन्द्र कुमार झा को गोली मारकर घायल करने का मामला लगातार पेचीदा होता जा रहा है। इस गोलीकांड में अब जांच के दो अहम पहलू सामने आए हैं। एक ओर मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस ने रेल डीएसपी, समस्तीपुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जिसने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरी ओर प्राथमिकी में नामजद आरोपितों के पक्ष की ओर से जारी CCTV फुटेज ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।

दरअसल, घायल शैलेन्द्र झा के फर्द बयान के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में चार लोगों के नाम शामिल हैं। बयान में आरोप लगाया गया है कि इनमें से एक व्यक्ति के कहने पर अज्ञात हमलावर ने उन्हें गोली मारी। हालांकि, नामजद आरोपित पक्ष की ओर से जारी CCTV फुटेज में तीन नामजद व्यक्तियों के घटना के समय घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर एक निमंत्रण समारोह में मौजूद होने का दावा किया जा रहा है।

आरोपित पक्ष के अनुसार, फुटेज में तीनों व्यक्ति रात करीब 8 बजकर 32 मिनट पर समारोह में मौजूद दिखाई दे रहे हैं और रात करीब 9 बजकर 35 मिनट पर वहां से निकलते नजर आ रहे हैं। ऐसे में घायल के फर्द बयान में बताए गए घटनाक्रम और CCTV फुटेज में दिखाई दे रही गतिविधियों के बीच समय को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि घटना रात करीब 9 बजे हुई थी, तो फुटेज में दिखाई दे रही मौजूदगी मामले की जांच के लिहाज से अहम हो सकती है। हालांकि, CCTV फुटेज की प्रमाणिकता, उसकी वास्तविक टाइमिंग और घटनाक्रम से उसका संबंध जांच का विषय है। इधर, इस गोलीकांड के पीछे जमीन विवाद की पुरानी पृष्ठभूमि भी सामने आ रही है। जमीन पर दावेदारी और धारा 144 से जुड़े आदेश के बाद हुए घटनाक्रम की भी जांच जरूरी मानी जा रही है। इस पहलू को देखते हुए पुलिस के लिए घटना के पीछे की संभावित वजहों की पड़ताल करना भी महत्वपूर्ण होगा।

दूसरी ओर, घायल शैलेन्द्र झा के समर्थन में ग्रामीणों ने बहादुरपुर थाना परिसर में प्रदर्शन किया और नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। फिलहाल, इस पूरे मामले में कई सवाल अनुत्तरित हैं। गोलीकांड की रात वास्तविक घटनाक्रम क्या था? CCTV फुटेज कितना प्रमाणिक है? क्या नामजद आरोपित घटना के समय वास्तव में घटनास्थल से दूर थे? और सबसे अहम, गोली चलाने वाला अज्ञात हमलावर कौन है? इन तमाम सवालों के जवाब अब SIT की जांच और पुलिस की आधिकारिक पड़ताल के बाद ही सामने आ सकेंगे।

वरुण ठाकुर की रिपोर्ट