Bihar News : पटना में यूट्यूबर आर्यन केल्विन का कार्यक्रम रद्द होने पर बवाल, नाराज समर्थकों ने बीजेपी दफ्तर के बाहर की पत्थरबाजी
Bihar News : कार्यक्रम रद्द होने से नाराज आर्यन केल्विन के समर्थकों और फैन फॉलोअर्स का गुस्सा इस कदर फूटा कि भीड़ सीधे बीजेपी दफ्तर पहुंच गई। देखते ही देखते बीजेपी कार्यालय के बाहर हंगामा शुरू हो गया।
PATNA : पटना में यूट्यूबर आर्यन केल्विन के कार्यक्रम को लेकर बड़ा हंगामा और बवाल देखने को मिला है। मिलर स्कूल मैदान में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम प्रशासन से आवश्यक अनुमति नहीं मिलने के कारण रद्द कर दिया गया। कार्यक्रम रद्द होने की सूचना मिलते ही आर्यन केल्विन के समर्थकों और फैन फॉलोअर्स का गुस्सा भड़क उठा, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ सीधे पटना स्थित बीजेपी कार्यालय के बाहर पहुंच गई।
देखते ही देखते बीजेपी दफ्तर के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया और प्रदर्शनकारी समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए जमकर रोड़ेबाजी और पत्थरबाजी शुरू कर दी। अचानक हुए इस पथराव में कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। घटना के बाद घायल लोगों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जबकि बीजेपी कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हंगामे और पत्थरबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पटना एसएसपी, सिटी एसपी और एडिशनल एसपी समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर बीजेपी कार्यालय और आसपास के इलाके की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फिलहाल इस पूरी घटना को लेकर कई बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं कि प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने पर नाराज भीड़ ने बीजेपी कार्यालय को ही निशाना क्यों बनाया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर पत्थरबाजी करने वाले उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
अभिजीत की रिपोर्ट