Bihar News: किशोर की मजदूरी के दौरान चूड़ी फैक्ट्री में मौत, मालिक ने कर दिया परिजनों को बताए बिना अंतिम संस्कार, हंगामा

Bihar News: बिहार के एक किशोर की हैदराबाद की एक चूड़ी फैक्ट्री में मौत का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है।...

किशोर की मजदूरी के दौरान चूड़ी फैक्ट्री में मौत- फोटो : reporter

Bihar News: गया इमामगंज प्रखंड के फतेहपुर गांव के रहने वाले 14 वर्षीय किशोर की हैदराबाद की एक चूड़ी फैक्ट्री में मौत का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि किशोर की मौत के बाद फैक्ट्री मालिक ने उन्हें सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर गांव निवासी राजा राम भुइयां का 14 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार करीब 15 दिन पहले मजदूरी करने के लिए हैदराबाद गया था। बताया जा रहा है कि वह वहां एक चूड़ी फैक्ट्री में काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।किशोर की मौत की खबर गांव पहुंचने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि रोहित की मौत के बाद फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से उन्हें तत्काल इसकी जानकारी नहीं दी गई। इतना ही नहीं, परिवार को बताए और उनकी मौजूदगी के बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मृतक की मां सरिता देवी ने इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, किशोर को हैदराबाद की फैक्ट्री में काम के लिए ले जाने वाले व्यक्ति को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।वहीं, गांव के एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों की भूमिका और किशोर को फैक्ट्री तक पहुंचाने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर 14 वर्षीय रोहित की मौत कैसे हुई? क्या फैक्ट्री में काम करने के दौरान कोई हादसा हुआ, तबीयत बिगड़ी या मौत की कोई दूसरी वजह थी—इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।इसके अलावा परिजनों को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार किए जाने के आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस इस बात की भी छानबीन कर रही है कि किशोर की मौत के बाद फैक्ट्री मालिक या अन्य लोगों ने परिवार को सूचना क्यों नहीं दी और किन परिस्थितियों में अंतिम संस्कार किया गया।पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है और आरोपियों से पूछताछ की कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान किशोर की हैदराबाद में मजदूरी के लिए जाने से लेकर उसकी मौत और अंतिम संस्कार तक की पूरी घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।फिलहाल रोहित की मौत का असल कारण और शव के अंतिम संस्कार की परिस्थितियां पुलिस जांच का विषय हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो पाएगी।

रिपोर्ट- मनोज कुमार