Bihar News : वैशाली में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, मादक पदार्थ और 12.33 लाख नकद किया जब्त, पति-पत्नी समेत तीन को किया गिरफ्तार

Bihar News : वैशाली पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तीन लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। जिसमें एक पति-पत्नी की जोड़ी भी शामिल है.....पढ़िए आगे

Bihar News : वैशाली में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, मादक पदार
पति पत्नी गिरफ्तार - फोटो : RISHABH

VAISHALI : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल गांव स्थित बगुलिया गाछी में मद्य निषेध विभाग, राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो पटना और वैशाली पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नशे के कारोबार में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पति-पत्नी की जोड़ी भी शामिल है, जो इस अवैध कारोबार में सक्रिय रूप से लिप्त पाई गई। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान नीरज कुमार (पिता पवन ठाकुर), पवन ठाकुर (पिता स्वर्गीय महेश ठाकुर) और भानु कुमारी (पति नीरज कुमार) के रूप में हुई है। तीनों माइल गांव, थाना बिदुपुर, जिला वैशाली के निवासी बताए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, नीरज कुमार और भानु कुमारी पति-पत्नी हैं, जो मिलकर इस कारोबार को चला रहे थे।

संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान कुल 119.29 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया है। इसमें छोटे डिब्बे में रखे तीन पैकेट और बड़े डिब्बे में रखे छह पैकेट शामिल हैं। इसके अलावा मौके से 12 लाख 33 हजार 160 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। भारी मात्रा में नकदी की बरामदगी ने जांच एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं, जिससे इस कारोबार के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस ने बरामद नकदी और मादक पदार्थों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ कहां से लाया जा रहा था और इसके कारोबार में किन-किन लोगों की संलिप्तता है। पुलिस जब्त की गई 12 लाख 33 हजार 160 रुपये की नकदी के स्रोत की भी गहनता से जांच कर रही है, साथ ही नशे के इस अवैध कारोबार के नेटवर्क, खरीद-बिक्री और संभावित सप्लाई चेन को खंगाला जा रहा है।

बिदुपुर में हुई इस संयुक्त छापेमारी को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। तीन लोगों की गिरफ्तारी, लाखों रुपये की नकदी और मादक पदार्थों की बरामदगी के बाद इलाके में इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ऋषभ की रिपोर्ट