फल्गु नदी रबर डैम में डूबा 16 वर्षीय किशोर : दोस्त को बचाने के दौरान हुआ हादसा, तलाश जारी
गयाजी शहर के फल्गु नदी स्थित रबर डैम में शुक्रवार को दोस्त की जान बचाने के प्रयास में 16 वर्षीय किशोर नदी में डूब गया।स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से किशोर की तलाश जारी है। हालांकि अबतक मिली जानकारी के अनुसार किशोर का पता नही चल पाया है....
Gayaji : शहर के फल्गु नदी स्थित रबर डैम में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां दोस्त की जान बचाने के प्रयास में 16 वर्षीय किशोर करण कुमार नदी में डूब गया। पीड़ित परिवार के अनुसार, भैरव स्थान गोदावरी निवासी करण सुबह करीब 10:30 बजे चाय पीकर अपने तीन-चार दोस्तों के साथ नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान नहाते समय एक अन्य बच्चा गहरे पानी में डूबने लगा, जिसे बचाने के चक्कर में करण खुद गहरे पानी की चपेट में आ गया और लापता हो गया।
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही विष्णुपद थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। इस मामले पर जानकारी देते हुए विष्णुपद थाना के एसआई विजय कुमार सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे किशोर के डूबने की सूचना मिली थी। चूंकि यह क्षेत्र मुफस्सिल थानांतर्गत आता है, इसलिए संबंधित थाने को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू कर दी गई है और बचाव कार्य के लिए SDRF/NDRF की टीम को सूचना देकर उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।
परिजनों में कोहराम, अब तक नहीं चला कोई पता
लापता किशोर के परिजन करू मांझी ने दुख जताते हुए बताया कि काफी समय बीत जाने के बाद भी करण का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचना दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्रशासनिक बचाव दल मौके पर नहीं पहुंचा था, जिससे स्थानीय लोग खुद ही अपने स्तर पर नदी में किशोर की तलाश करने में जुटे हुए हैं।
प्रशासनिक स्तर पर खोजबीन तेज
स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से किशोर की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि गोताखोरों और राहत दल के पहुंचते ही रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेज किया जाएगा ताकि लापता किशोर को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।
मनोज की रिपोर्ट