Road Accident: झारखंड से बिहार आ रहे एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, भीषण सड़क हादसे के हुए शिकार, टुकरों में मिला शव

Road Accident: सड़क हादसे में आए दिन कई लोगों जान चली जाती है। ताजा मामला हजारीबाग का है। जहां सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई है। दरअसल, पूरा मामला झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित दनुआ घाटी का है। इस हादसे में एक ही परिवार से जुड़े छह लोगों की मौत हो गई। सभी लोग धनबाद से गया जिले के आमस में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान परिवार के भीषण हादसे का शिकार हो गया। 


मिली जानकारी के अनुसार, बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर कोलियरी में कार्यरत लाइनमैन शिव कुमार भुइयां अपने परिवार के साथ कार से जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार चौपारण की दनुआ घाटी स्थित जोड़राही पुल के पास पहुंची, वह आगे चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। कार दोनों भारी वाहनों के बीच फंस गई, जिससे वह पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई।


हादसे के बाद ट्रक और ट्रेलर के चालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से गैस कटर और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल कर कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान धनबाद के मधुबन स्थित बुदौरा कॉलोनी निवासी शिव कुमार भुइयां (45), उनकी पत्नी रूबी देवी (38), बेटी सोनी (12), सुहानी (9), रिश्तेदार प्रेम (7) सहित कुल छह लोगों के रूप में हुई है।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे। अंधेरा और घाटी के खतरनाक मोड़ इस हादसे को और भयावह बना रहे थे।बताया जा रहा है कि दनुआ घाटी क्षेत्र में पिछले चार दिनों में यह पांचवीं बड़ी दुर्घटना है। इसके बावजूद यहां दुर्घटनाओं पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका है, जिससे यह इलाका लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है।