Bihar Crime News : गयाजी में चोरी के शक में 15 वर्षीय नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया

Bihar Crime News : गया में चोरी का आरोप लगाकर 15 वर्षीय नाबालिग लड़के को पिट-पिट कर हत्या कर देने का मामला सामने आया है, मामला शेरघाटी थाना क्षेत्र के झोर गांव का है.

नाबालिग की हत्या - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जिले से एक सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां चोरी का आरोप लगाकर एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़के की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह पूरी वारदात शेरघाटी थाना क्षेत्र के झोर गांव की है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक वारदात बीती रात लगभग 12 बजे की है। परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोग देर रात उनके घर पहुंचे और नाबालिग को जबरन उठाकर ले गए। इसके बाद आरोपियों ने गांव से थोड़ी दूरी पर ले जाकर उसके हाथ-पैर बांध दिए और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

स्थानीय चर्चाओं के मुताबिक, ग्रामीणों का दावा था कि नाबालिग गांव के कई घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका था, जिसे लेकर लोगों में काफी आक्रोश था। वहीं दूसरी ओर, परिजनों ने चोरी के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनका बच्चा बेकसूर था और उस पर झूठा आरोप लगाकर गांव के ही दो लोगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद दो संदिग्धों को पकड़ लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और घटना में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मनोज की रिपोर्ट