Bihar News : गयाजी के रंगू नगर में 30 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिरा 3 साल का मासूम, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी प्रशासन की टीम

Bihar News : गया जिले के गुरपा थाना क्षेत्र के रंगू नगर में गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। तीन वर्षीय मासूम पीयूष कुमार खेलते-खेलते करीब 30 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया......पढ़िए आगे

बोरवेल में गिरा बच्चा - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गयाजी के गुरपा थाना क्षेत्र अंतर्गत रंगू नगर गांव में गुरुवार की शाम करीब 7:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक तीन वर्षीय मासूम बच्चा खेलते-खेलते अचानक करीब 30 फीट गहरे खुले बोरवेल के गड्ढे में गिर गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना एक पल गंवाए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों को दी।

बोरवेल में गिरे मासूम बच्चे की पहचान रंगू नगर निवासी दिनेश मांझी के 3 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय पीयूष की मां बोरवेल के ठीक पास में ही रात के लिए खाट बिछाने के काम में व्यस्त थीं। इसी दौरान मासूम पीयूष हाथ में मोबाइल फोन लेकर खेलते-खेलते अनजाने में खुले पड़े बोरवेल के मुहाने के बिल्कुल नजदीक पहुंच गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, पैर फिसलने के कारण वह अचानक सीधे गहरे बोरवेल के अंदर समा गया।

हादसे की भयावहता को देखते हुए सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस प्रशासन और राहत एवं बचाव दल पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर पहुंच गया। बोरवेल के समानांतर गड्ढा खोदने के लिए तत्काल कई भारी जेसीबी मशीनों को काम पर लगाया गया है, जिनकी मदद से युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की एक विशेष मेडिकल टीम भी घटनास्थल पर एम्बुलेंस के साथ मुस्तैद कर दी गई है।

गड्ढे के भीतर बच्चे की सांसें चलती रहें, इसके लिए प्रशासन द्वारा बोरवेल के अंदर पाइप के माध्यम से लगातार ऑक्सीजन की सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि मासूम को सुरक्षित और जीवित बाहर निकाला जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के पूरे क्षेत्र को बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरे में ले लिया है, ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि बच्चे को सकुशल बाहर निकालने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की देखरेख में हरसंभव वैज्ञानिक प्रयास किए जा रहे हैं।

फिलहाल चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच भी रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। जिला प्रशासन के आला अधिकारी खुद मौके पर कैंप कर पूरे घटनाक्रम और चल रहे बचाव कार्य की पल-पल की निगरानी कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, मासूम पीयूष के सुरक्षित बाहर आने की उम्मीद में घटनास्थल पर हजारों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और खेल रहे बच्चों के परिजन एकत्रित हैं। पूरा गांव इस समय पीयूष की सलामती और उसकी जिंदगी के लिए ईश्वर से हाथ जोड़कर लगातार दुआएं मांग रहा है।

मनोज की रिपोर्ट