Bihar News : गया रेलवे स्टेशन पर RPF की तत्परता से बचा दिव्यांग यात्री, चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान गिरा, ASI ने दौड़कर बचाई जान

Bihar News : गया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की सूझबूझ से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा एक दिव्यांग यात्री दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गया....पढ़िए आगे

टला हादसा - फोटो : ASHISH

GAYAJI : गया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-4 से गया-पटना मेमू ट्रेन (ट्रेन संख्या 63254 DN) के खुलने के दौरान चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा एक दिव्यांग यात्री दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। ऑन-ड्यूटी तैनात आरपीएफ अधिकारी ने अपनी जान की परवाह किए बिना ऐन वक्त पर दौड़कर यात्री को सुरक्षित प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया और उसकी जान बचा ली।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि गया-पटना मेमू पैसेंजर ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4 से रवाना हो रही थी। ट्रेन के गति पकड़ते ही एक दिव्यांग यात्री अचानक उसमें चढ़ने का प्रयास करने लगा। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य यात्रियों द्वारा मना किए जाने के बावजूद यात्री ने चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान अचानक उसका शारीरिक संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म पर जोर से गिर पड़ा। संतुलन खोने के कारण यात्री तेजी से चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने खतरनाक गैप की ओर खिसकने लगा।

खतरे और स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) ने एक पल की भी देरी नहीं की। उन्होंने तत्काल बिना वक्त गंवाए दौड़ लगाई और गैप में समाने ही वाले दिव्यांग यात्री को मुस्तैदी से पकड़कर अपनी ओर खींच लिया। RPF जवान की इस त्वरित कार्रवाई से यात्री ट्रेन के पहियों के नीचे आने से बच गया और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

हादसे से सुरक्षित बचाए जाने के बाद यात्री ने राहत की सांस ली और आरपीएफ जवान का आभार जताया। गया रेलवे स्टेशन पर मौजूद आम यात्रियों और चश्मदीदों ने RPF सहायक उपनिरीक्षक की इस मानवीय पहल, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस घटना का वीडियो और RPF जवान की बहादुरी की चर्चा पूरे स्टेशन परिसर में सराहना का विषय बनी हुई है।

मनोज की रिपोर्ट