‘बिहार की पाठशाला: गुरुकुल से डिजिटल स्कूल तक का सफर’ पुस्तक का लोकार्पण, शिक्षा के बदलते स्वरूप व गुरु-शिष्य परंपरा पर हुई चर्चा

पटना स्थित बिहार विधान परिषद एनेक्सी भवन में रमाकांत पाठक द्वारा लिखित पुस्तक का विमोचन हुआ। इस मौके पर वरिष्ठ आईपीएस विकास वैभव, वरिष्ठ पत्रकार कौशलेन्द्र प्रियदर्शी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.....

‘बिहार की पाठशाला: गुरुकुल से डिजिटल स्कूल तक का सफर’ पुस्तक
बिहार की पाठशाला पुस्तक का लोकार्पण- फोटो : रिपोर्टर

Patna : बिहार की शैक्षणिक विरासत, गुरुकुल परंपरा से लेकर आधुनिक डिजिटल शिक्षा के सफर और भविष्य की चुनौतियों पर आधारित पुस्तक ‘बिहार की पाठशाला: गुरुकुल से डिजिटल स्कूल तक का सफर’ का लोकार्पण रविवार, 22 नवंबर 2026 को पटना स्थित बिहार विधान परिषद एनेक्सी भवन में आयोजित विशेष समारोह में किया गया। रमाकांत पाठक द्वारा लिखित इस पुस्तक के विमोचन समारोह में शिक्षा के बदलते स्वरूप, पारंपरिक पद्धति से तकनीक आधारित शिक्षा तक की यात्रा तथा राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।


वरिष्ठ आईपीएस विकास वैभव ने रेखांकित किया शिक्षक का महत्व, तकनीक को बताया माध्यम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि एवं वरिष्ठ IPS अधिकारी श्री विकास वैभव ने शिक्षा के ऐतिहासिक विकास और वर्तमान डिजिटल युग में आए बदलावों पर अपने विचार रखे। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि समय के साथ शिक्षा के माध्यम, संसाधन और तकनीक भले ही बदल गए हों, लेकिन शिक्षक का महत्व कभी कम नहीं हो सकता। जीवन में व्यक्ति किसी भी पद, प्रतिष्ठा या मुकाम तक क्यों न पहुंच जाए, उसे मार्गदर्शन और सीखने के लिए हमेशा एक शिक्षक की आवश्यकता रहती है। तकनीक शिक्षा को सुलभ और आधुनिक बना सकती है, लेकिन शिक्षक द्वारा दिए जाने वाले संस्कार, मूल्य, अनुभव और सही दिशा का कोई विकल्प नहीं हो सकता।


उन्होंने शिक्षा की यात्रा में गुरु-शिष्य परंपरा की प्रासंगिकता और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में तकनीक के सकारात्मक उपयोग के महत्व को भी रेखांकित किया।


वरिष्ठ पत्रकार कौशलेन्द्र प्रियदर्शी ने गिनाए शिक्षा के बदलते दौर, युवा पीढ़ी से पुस्तक पढ़ने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ट पत्रकार कौशलेन्द्र प्रियदर्शी ने कहा कि हमारी पीढ़ी ने शिक्षा में बदलाव को बहुत करीब से देखा है जैसे कि पहले कुटिया से  कक्षा,कक्षा से क्लास रूम, ताम्र पत्र से किताब,ब्लैकबोर्ड से स्मार्टबोर्ड,गुरु जी से मास्टर साहब और फिर मास्टर जी और अब के दौर में सर जी, और इस बदलते दौर में बहुत कुछ गिरावट आई है और इस दौर में बिहार की पाठशाला (गुरुकुल से डिजिटल युग का सफ़र) किताब बहुत ही कम पन्नों में लेखक ने अद्भुत पाठ को संजोया है जिसमें स्वतंत्रता के बाद कैसे अबतक शिक्षा में बदलाव आया है ये हमारे आज के युवा पीढ़ी को जरूर पढ़ना और जानना चाहिए।


लेखक रमाकांत पाठक ने बताया पुस्तक का उद्देश्य, शिक्षाविदों व गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति

पुस्तक के लेखक रमाकांत पाठक ने पुस्तक लेखन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका प्रयास बिहार की शिक्षा यात्रा के विभिन्न पड़ावों, ऐतिहासिक गौरव, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं को एक साथ प्रस्तुत करना है। पुस्तक के माध्यम से नई पीढ़ी को बिहार की शैक्षणिक विरासत से परिचित कराने और शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया गया है।



शिक्षा, शिक्षक और समाज के बीच मजबूत संबंध बनाने के संकल्प के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम का समापन शिक्षा, शिक्षक और समाज के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने तथा बिहार को ज्ञान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के संकल्प के साथ हुआ।