Bihar News : गया में प्रेम प्रसंग और जमीन के विवाद में ब्लड कैंसर पीड़ित पिता की हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार, प्रेमिका की भूमिका की होगी जांच

Bihar News : ब्लड कैंसर से पीड़ित एक पिता की उनके ही बेटे द्वारा बेरहमी से हत्या कर दिए जाने का मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है......पढ़िए आगे

पिता की हत्या - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या का मामला सामने आया है। मगध मेडिकल थाना क्षेत्र में ओटीए के समीप ब्लड कैंसर से पीड़ित पिता कृष्णा गुप्ता की हत्या के आरोप में पुलिस ने उनके बेटे चंदन राज को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का एक शादीशुदा महिला से लंबे समय से प्रेम संबंध था। प्रारंभिक जांच में जमीन अपने नाम कराने और पिता को रास्ते से हटाने के दबाव की बात सामने आई है।

24 सितंबर की रात हत्या करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को कृष्णा गुप्ता का शव बरामद किया गया था। उनके चेहरे और सिर पर ईंट-पत्थर से वार किए जाने के निशान मिले थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 24 सितंबर की रात डायलिसिस कराकर लौटते समय चंदन अपने पिता को सुनसान जगह पर ले गया, जहां कथित तौर पर ईंट-पत्थर से कूचकर उनकी हत्या कर दी।

10-12 वर्षों से था प्रेम संबंध

पुलिस की जांच में सामने आया कि चंदन राज का अपने से करीब 10 साल बड़ी एक शादीशुदा महिला के साथ पिछले 10-12 वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोप है कि महिला उस पर जमीन अपने नाम कराने या पिता को रास्ते से हटाने का दबाव बना रही थी। हालांकि, इस मामले में महिला की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।

इलेक्ट्रिक शोरूम में करता था काम

जानकारी के अनुसार, चंदन राज ग्रेजुएट है और इलेक्ट्रिक शोरूम में सेल्समैन के तौर पर काम करता था। उसे प्रतिमाह करीब 22 हजार रुपये वेतन मिलता था। पुलिस के मुताबिक, वह अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा कथित प्रेमिका पर खर्च करता था। इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए नगर पुलिस उपाधीक्षक-2 धर्मेंद्र भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की और आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हत्या की साजिश में संबंधित महिला की कोई भूमिका थी या नहीं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

मनोज की रिपोर्ट