गया की ऐतिहासिक डिविजनल लाइब्रेरी में सहेजी गई संविधान की दुर्लभ छाया प्रति, महान विभूतियों के हस्ताक्षर और कलाकृतियां बनीं आकर्षण का केंद्र
Bihar News : संविधान दिवस के अवसर पर गया की ऐतिहासिक डिविजनल लाइब्रेरी में संरक्षित भारतीय संविधान की एक दुर्लभ छाया प्रति एक बार फिर सुर्खियों में है......पढ़िए आगे
GAYAJI : देश का संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हुआ और 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया. संविधान दिवस के मौके पर गया की ऐतिहासिक डिविजनल लाइब्रेरी में रखी भारतीय संविधान की एक दुर्लभ छाया प्रति चर्चा का विषय बनी हुई है. संसद में सुरक्षित संविधान की मूल प्रति की हूबहू फोटो प्रतिलिपि यहां बेहद संभालकर रखी गई है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके हर पन्ने पर अलग-अलग खूबसूरत कलाकृतियां और आकर्षक चित्रकारी देखने को मिलती हैं.
1855 में स्थापित बिहार की सबसे पुरानी लाइब्रेरी में शामिल गया डिविजनल लाइब्रेरी में मौजूद इस दुर्लभ प्रतिलिपि में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में हस्ताक्षर हैं. वहीं, प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल समेत संविधान निर्माण से जुड़े कई महापुरुषों के हस्ताक्षर भी इसमें मौजूद हैं. इस दुर्लभ छाया प्रति को कुछ दशक पहले राजाराम मोहन राय फाउंडेशन के माध्यम से लाइब्रेरी को उपलब्ध कराया गया था.
संविधान की इस अनमोल धरोहर को देखने और इसके ऐतिहासिक महत्व को समझने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं. खासकर शोधकर्ताओं और इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण है. लाइब्रेरी में करीब 150 साल पुरानी विश्व इतिहास की किताबें, विभिन्न देशों के इतिहास से जुड़ी दुर्लभ पुस्तकें और विश्वकोश भी सुरक्षित रखे गए हैं.
डिविजनल लाइब्रेरी के प्रभारी पुस्तकालयाध्यक्ष पंकज कुमार चौधरी बताते हैं कि संविधान की यह छाया प्रति लाइब्रेरी की अनमोल धरोहर है. इसके प्रत्येक पन्ने पर बनी अलग-अलग कलाकृतियां और महापुरुषों के हस्ताक्षर इसे बेहद खास बनाते हैं. इसे विशेष पाठकों और शोधकर्ताओं को दिखाया जाता है. लाइब्रेरी प्रशासन इस ऐतिहासिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों के लिए पूरी सावधानी से सहेजकर रख रहा है.
मनोज की रिपोर्ट