Bihar News : गया में मातम ! नेपाल की फेवा झील में डूबने से बिहार के युवक की हुई मौत, दोस्तों संग घूमने गया था पोखरा

Bihar News : गया जिले के कोंच प्रखंड अंतर्गत चिचौरा गांव निवासी स्वर्गीय संजय शर्मा के 28 वर्षीय पुत्र रोहित शर्मा की नेपाल के पोखरा स्थित फेवा झील में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.....पढ़िए आगे

युवक की मौत - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जिले से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहाँ कोंच प्रखंड क्षेत्र के चिचौरा गांव निवासी एक युवक की नेपाल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पोखरा स्थित फेवा झील में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय संजय शर्मा के 28 वर्षीय पुत्र रोहित शर्मा के रूप में की गई है। इस दुखद घटना की जानकारी स्थानीय समाजसेवी कुनाल कुमार ने दी। जैसे ही रोहित की मौत की खबर उसके पैतृक गांव चिचौरा पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया और परिजनों में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, रोहित शर्मा अपने चार दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने और घूमने के लिए नेपाल गए हुए थे। शुक्रवार को सभी दोस्त नेपाल के पोखरा में स्थित प्रसिद्ध ताल बाराही मंदिर के दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन करने के बाद सभी दोस्त फेवा झील (Phewa Lake) के किनारे चले गए और वहां पानी में तैरने लगे। इसी दौरान आनंद ले रहे रोहित का पैर अचानक फिसल गया या वह पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और देखते ही देखते गहरे पानी में चले गए।

रोहित को पानी में डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सूचना पर नेपाल की सशस्त्र पुलिस बल (APF) की आपदा मोचन एवं रेस्क्यू टीम तुरंत हरकत में आई। गोताखोरों की टीम ने झील में उतरकर काफी खोजबीन की और करीब 10 फीट की गहराई से रोहित को अचेत (बेहोश) अवस्था में पानी से बाहर निकाला। रेस्क्यू टीम उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गई, लेकिन दुर्भाग्यवश वहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। नेपाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और घटना के संबंध में कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर गया में रोहित के घर पर चीख-पुकार मची हुई है। पिता के पहले ही गुजर जाने के बाद 28 साल के जवान बेटे की इस तरह अचानक मौत हो जाने से मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस दुखद हादसे से पूरे चिचौरा गांव और कोंच प्रखंड के लोग गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने एक जगह एकत्रित होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और पीड़ित परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की है। परिजन अब प्रशासन की मदद से रोहित के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत (उनके पैतृक गांव) लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं।

मनोज की रिपोर्ट