जेपीएससी पेपर लीक को लेकर अभाविप का गया मे जोरदार प्रदर्शन, सीएम हेमंत सोरेन का फूंका पुतला
Gayaji : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), गया महानगर की ओर से झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) पेपर लीक मामले और आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। अभाविप कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं ने गया टावर चौक पर एकत्र होकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
छात्रों पर लाठीचार्ज को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने कहा कि जेपीएससी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना लाखों युवाओं के भविष्य और कड़ी मेहनत के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो सरकार युवाओं के अधिकारों की रक्षा का दावा करती है, वही अपने हक और न्याय की मांग कर रहे छात्रों पर बर्बरतापूर्वक लाठियां चलवा रही है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद शर्मनाक है।
अभाविप नेताओं ने सरकार को घेरा
- प्रांत SFD संयोजक सूरज सिंह ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार युवाओं के दम पर सत्ता में आई थी, लेकिन आज वही उनकी आवाज दबाने में जुटी है। दोषियों को बचाने और न्याय मांगने वाले छात्रों पर लाठी चलाने से आक्रोश कम होने के बजाय और तेज होगा।
- जिला संयोजक विनायक कुमार ने कहा कि विद्यार्थी वर्षों तक मेहनत और आर्थिक तंगी झेलकर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक से उनकी उम्मीदें टूट जाती हैं। सरकार को लाठी चलाने के बजाय परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लानी चाहिए।
उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
अभाविप ने झारखंड सरकार से स्पष्ट मांग रखी है कि जेपीएससी पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और लाठीचार्ज के शिकार हुए छात्रों पर दर्ज मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें न्याय दिलाने की वकालत की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, उनका यह संघर्ष अनवरत जारी रहेगा।
प्रेम की रिपोर्ट