ANMMCH के जर्जर भवन का होगा कायाकल्प, 600 बेड का नया अस्पताल और 250 क्षमता वाला हॉस्टल प्रस्तावित: डॉ. प्रेम कुमार
गया जी स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का जल्द ही कायाकल्प होगा। यहां 600 बेड वाले एक अस्पताल के साथ ही 250 क्षमता वाले हॉस्टल का निर्माण होगा। यह जानकारी विस अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अस्पताल के निरीक्षण के दौरान दी....
Gayaji : बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को गया जी स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (ANMMCH) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की आधारभूत संरचना, ओपीडी व इमरजेंसी सेवाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की। साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन एवं आगामी विकास योजनाओं का जायजा लिया।
1960 के जर्जर भवन की जगह बनेगा 600 बेड का आधुनिक अस्पताल
निरीक्षण के दौरान अस्पताल अधीक्षक आनंद प्रसाद आनंद ने अवगत कराया कि वर्तमान अस्पताल भवन का निर्माण वर्ष 1960 में हुआ था, जो अब काफी जर्जर हो चुका है। इस पर डॉ. प्रेम कुमार ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि से टेलीफोन पर वार्ता की। स्वास्थ्य सचिव ने जानकारी दी कि ANMMCH में 600 बेड क्षमता वाले नए अत्याधुनिक अस्पताल भवन तथा 250 क्षमता वाले हॉस्टल के निर्माण की डीपीआर (DPR) तैयार हो चुकी है। इसके अलावा चार अन्य हॉस्टल और एक मर्चरी भवन निर्माण की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है।
मरीजों के परिजनों के लिए 20 करोड़ की लागत से बनेगा धर्मशाला
अस्पताल में प्रतिदिन 1500 से अधिक ओपीडी मरीज और 200 से अधिक इमरजेंसी मरीज आते हैं। मरीजों की भारी भीड़ को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने परिजनों (अटेंडेंट्स) के रहने की व्यवस्था का निर्देश दिया। इस पर बिहार राज्य आधारभूत संरचना विकास निगम (BMSICL) के अधिकारियों ने बताया कि लगभग 18 से 20 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 250 बेड क्षमता वाले धर्मशाला भवन के निर्माण हेतु स्थल चिह्नित कर प्रस्ताव भेज दिया गया है।
रामसागर में 1.17 करोड़ की लागत से शहरी PHC का निर्माण शुरू
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि गया टाउन विधानसभा क्षेत्र के रामसागर में ₹1,16,95,000 की लागत से नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को त्वरित और सुलभ चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
मगध प्रमंडल को मिलेगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से पहले ही अस्पताल परिसर में 200 बेड वाले सुपर स्पेशलिटी भवन का संचालन जारी है। अब नए 600 बेड के भवन, हॉस्टल, धर्मशाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के विकास से गया जी समेत पूरे मगध प्रमंडल की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। मौके पर अस्पताल अधीक्षक आनंद प्रसाद आनंद, पप्पू चंद्रवंशी, राजनंदन गांधी, ऋषभ राज, जितेंद्र कुमार और अभियंता रामलगन प्रसाद सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
मनोज की रिपोर्ट