Bihar News : मां दुर्गा का अनोखा भक्त! 22 साल की उम्र में सीने पर 9 कलश रखकर कर रहा कठिन साधना, विश्व शांति की है कामना

Bihar News : गयाजी में शंकर नवरात्र के इन नौ दिनों के दौरान अपने सीने पर नौ कलश धारण कर मां दुर्गा की कठोर आराधना में लीन हैं, जिन्हें देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु और स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं।

माँ का अनोखा भक्त - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर बिहार के गयाजी से मां दुर्गा की भक्ति का एक बेहद अनोखा और प्रेरणादायक रूप सामने आया है। शहर के सलेमपुर मोहल्ले में रहने वाले 22 वर्षीय युवा शंकर कुमार इन दिनों अपनी कठिन साधना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। शंकर नवरात्र के इन नौ दिनों के दौरान अपने सीने पर नौ कलश धारण कर मां दुर्गा की कठोर आराधना में लीन हैं, जिन्हें देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु और स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं।

शंकर कुमार बताते हैं कि वे पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से नवरात्र में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। हालांकि, पहले वे सामान्य रूप से फलाहार करते हुए ही साधना करते थे, लेकिन इस बार उन्होंने अपनी भक्ति को एक नया आयाम देते हुए सीने पर नौ कलश रखकर यह कठिन तपस्या करने का संकल्प लिया। इस अनोखे संकल्प के पीछे का कारण बताते हुए शंकर ने साझा किया कि नवरात्र शुरू होने से ठीक दो उन्होंने सपने में मां दुर्गा को देखा था। उन्होंने इस दिव्य अनुभव को कलश धारण करने का एक स्पष्ट संकेत माना और पर्व की शुरुआत होते ही बिना किसी संकोच के अपनी इस कठिन साधना का आरंभ कर दिया।

खास बात यह है कि शंकर कुमार इस कठोर तपस्या के जरिए अपने लिए कोई व्यक्तिगत मन्नत नहीं मांग रहे हैं। उनका एकमात्र उद्देश्य देश, राज्य, जिला, अपने मोहल्ले और पूरी दुनिया में शांति व भाईचारा बनाए रखना है। वे चाहते हैं कि मां दुर्गा की असीम कृपा हर एक इंसान पर बनी रहे और पूरी मानवता का कल्याण हो। साधना के नियमों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि इन नौ दिनों तक उन्हें लगातार लेटे रहकर अपने सीने पर कलश धारण करना है। इस पूरी अवधि के दौरान वे अन्न का सेवन नहीं कर रहे हैं, बल्कि ऊर्जा बनाए रखने के लिए बहुत ही सीमित मात्रा में केवल घी और शहद का ही सेवन कर रहे हैं।

शंकर की इस अटूट निष्ठा और तपस्या को देखकर सलेमपुर मोहल्ले के लोगों में भी काफी उत्साह और सम्मान का भाव है। स्थानीय निवासी अनिल कुमार बताते हैं कि शंकर बचपन से ही मां दुर्गा के परम भक्त रहे हैं। जब उन्होंने नवरात्र से पहले इस कठिन साधना की इच्छा जताई, तो मोहल्ले के सभी लोगों ने मिलकर बैठक की और उनकी इस धार्मिक अनुष्ठान में पूरी मदद करने का निर्णय लिया। मूल रूप से नवादा जिले के रहने वाले शंकर कुमार वर्तमान में गयाजी के सलेमपुर मोहल्ले में ही निवास करते हैं। मां दुर्गा के प्रति उनकी यह अनन्य आस्था और विश्व कल्याण की भावना न केवल गया बल्कि आसपास के पूरे क्षेत्र में लोगों के बीच कौतुक और गहरी श्रद्धा का विषय बनी हुई है।

मनोज की रिपोर्ट