बेलागंज में अवैध खनन के ख़िलाफ़ छापेमारी, 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, माफियाओं में हड़कंप

Gaya: जिले के बेलागंज में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बरैनी घाट पर छापेमारी के दौरान 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

Gaya:जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बरैनी घाट पर अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने  बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं के बीच हड़कंप मचा दिया।

16 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 04:00 बजे डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सुनियोजित तरीके से छापेमारी अभियान चलाया।

इस विशेष अभियान में चंदौती थाना, मेन थाना और पाई बिगहा थाना की पुलिस बल को शामिल किया गया था। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बरैनी घाट पर दबिश दी,

 जहां बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन किया जा रहा था। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 11 ट्रैक्टर एवं ट्रॉली को अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर जब्त कर लिया। सभी वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया है।

प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि जब्त वाहनों के मालिकों और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।

 उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खनन से जुड़े पूरे नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है, ताकि इस अवैध गतिविधि पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।

अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस क्षेत्र में अवैध खनन जारी था, जिससे न केवल राजस्व का नुकसान हो रहा था, बल्कि पर्यावरण पर भी इसका गंभीर असर पड़ रहा था।

 प्रशासन की इस कार्रवाई से आम लोगों में राहत और संतोष का माहौल देखा जा रहा है।

फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

रिपोर्ट: पुष्कर प्रवीण