Gaya:अतरी के नैली गांव में गेहूं के खेतों में भीषण आग, किसानों को भारी नुकसान
सूचना मिलते ही विधायक रोनित कुमार मौके पर पहुंचे, राहत-बचाव के निर्देश; मुआवजे का दिया आश्वासन
Gaya: अतरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नैली गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कई बीघा में फैले गेहूं के खेतों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की तेज लपटों ने बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसानों की खड़ी फसल जलकर राख हो गई और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि उसे काबू करना मुश्किल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
इधर, सूचना मिलते ही अतरी के विधायक रोनित कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अग्निशमन, राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत सक्रिय होकर आग पर काबू पाने और नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया।
रोनित कुमार ने किसानों को भरोसा दिलाया कि आग से हुए नुकसान का उचित मूल्यांकन कराया जाएगा और सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा जल्द से जल्द दिलाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।
इसके अलावा विधायक ने प्रशासन को आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल है, हालांकि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से लोगों में यह उम्मीद जगी है कि उन्हें जल्द राहत और सहायता मिलेगी।