Bihar MLA Training Camp: गयाजी में विधायकों का महाकुंभ, बिपार्ड में शुरू हुआ दो दिवसीय प्रबोधन शिविर, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने किया उद्घाटन, राज्यपाल रहे मौजूद
Bihar MLA Training Camp: मोक्ष की धरती गयाजी में लोकतंत्र के सबसे बड़े प्रशिक्षण आयोजनों में से एक की शुरुआत हुई।...
Bihar MLA Training Camp: मोक्ष की धरती गयाजी में शनिवार को लोकतंत्र के सबसे बड़े प्रशिक्षण आयोजनों में से एक की शुरुआत हुई। बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन के आगमन पर जिला प्रशासन ने उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) परिसर में दो दिवसीय प्रबोधन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जहां राज्य के सभी विधायक एक मंच पर जुटे।
इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने किया। कार्यक्रम में राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष तथा बिहार विधानसभा के सभी नव-निर्वाचित और वर्तमान विधायक मौजूद रहे। पहली बार आयोजित इस प्रबोधन कार्यक्रम को विधायकों का 'महाकुंभ' माना जा रहा है, जहां जनप्रतिनिधियों को संसदीय कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक मूल्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बिहार विधानसभा की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य विधायकों को विधानसभा की नियमावली, विधायी प्रक्रिया, संसदीय परंपराओं और जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी संवैधानिक जिम्मेदारियों से अवगत कराना है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रश्नकाल, शून्यकाल, विधेयक निर्माण, समिति प्रणाली, सदन के संचालन और प्रभावी संसदीय व्यवहार जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी देंगे, ताकि विधायक सदन के भीतर अपनी भूमिका को अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकें।
कार्यक्रम को लेकर बिपार्ड परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी पूरे आयोजन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि यह महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
रिपोर्ट- मनोज कुमार