मवेशी बांधने को लेकर खूनी झड़प: दो महिलाएं घायल, पंचायती करने पहुंचे युवकों को बनाया बंधक

मवेशी बांधने को लेकर खूनी झड़प- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सोहेर गांव में दो पक्षों के बीच मवेशी बांधने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह सरकारी जमीन पर खूंटा गाड़कर मवेशी बांधना था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तू-तू, मैं-मैं शुरू हुई जो बाद में गाली-गलौज और लाठी-डंडों से मारपीट तक पहुंच गई।


मारपीट में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल

दोनों पक्षों के बीच हुई इस खूनी झड़प में एक पक्ष की दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों की पहचान स्थानीय निवासी मंजू देवी और शोभा कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों द्वारा आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।


समझौता कराने पहुंचे युवकों को बनाया बंधकगाड़ी में तोड़फोड़

विवाद की भनक लगते ही गांव के ही कुछ युवक दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव और पंचायती कराने मौके पर पहुँचे। आरोप है कि दूसरे पक्ष के उग्र लोगों ने समझौता कराने आए युवकों पर ही हमला बोल दिया। उनके साथ बुरी तरह मारपीट की गई और उन्हें कमरे में बंद कर बंधक बना लिया गया। इतना ही नहीं, आक्रोशित लोगों ने युवकों की कार में भी जमकर तोड़फोड़ की और उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।


पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बंधकों को कराया छुड़ाया

घटनास्थल पर युवकों को बंधक बनाए जाने और उपद्रव की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस दल-बल के साथ गांव पहुँची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए काफी मशक्कत के बाद बंधक बनाए गए युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें थाने ले आई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला और बिगड़ने से बच गया।


थानाध्यक्ष का बयान: दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच जारी

मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की ओर से थाने में लिखित आवेदन दिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की वैज्ञानिक और निष्पक्ष जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे, मारपीट, गाड़ियों में तोड़फोड़ और लोगों को बंधक बनाने वाले दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


मनोज की रिपोर्ट