Bihar Vande Bharat Express: वंदे भारत ट्रेन में गर्म पानी का फूटा डिस्पोजेबल गिलास, गोद में बैठे एक साल के बच्चे के पैर झुलसे

Bihar Vande Bharat Express: वंदे भारत एक्सप्रेस में गर्म पानी परोसने के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है।

वंदे भारत में बच्चा झुलसा- फोटो : reporter

Bihar Vande Bharat Express: देवघर से वाराणसी जा रही देवघर-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में गर्म पानी परोसने के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ट्रेन नंबर 22499 में सर्विस के दौरान डिस्पोजेबल गिलास फट गया और उसमें रखा गर्म पानी गोद में बैठे एक साल के बच्चे के पैर पर गिर गया। गर्म पानी से बच्चा झुलस गया। घटना के बाद परिवार में अफरातफरी मच गई।

पीड़ित परिवार देवास, मध्य प्रदेश निवासी विनायक राव जाधव का बताया जा रहा है। परिवार देवघर से गया की ओर यात्रा कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, देवघर से ट्रेन खुलने के कुछ ही स्टेशनों बाद सर्विस अटेंडेंट ने बच्चे के परिवार को डिस्पोजेबल गिलास में गर्म पानी दिया। इसी दौरान गिलास फट गया और गर्म पानी बच्चे पर जा गिरा।

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने संबंधित सर्विस अटेंडेंट से उसका आई-कार्ड दिखाने को कहा, लेकिन उसने कथित तौर पर आई-कार्ड नहीं दिखाया। इसके बाद मैनेजर अंकित कुमार को बुलाया गया। परिवार का आरोप है कि मैनेजर की ओर से भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।घटना से नाराज यात्री ने रेल मदद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और मामले की जांच के साथ जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

परिजनों के अनुसार, नवादा स्टेशन पर बच्चे को प्राथमिक उपचार दिलाया गया, लेकिन उससे अपेक्षित राहत नहीं मिली। गया पहुंचने के बाद उप स्टेशन प्रबंधक विनोद कुमार सिंह ने बच्चे के इलाज के लिए रेलवे अस्पताल जाने की पर्ची दी। रेलवे अधिकारियों की ओर से बच्चे के इलाज के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पूरे मामले में यात्री की शिकायत के आधार पर जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि गर्म पानी परोसने में किस स्तर पर लापरवाही हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।यह घटना रेलवे की ऑन-बोर्ड खानपान एवं यात्री सेवा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। खासकर छोटे बच्चों को गर्म पानी या अन्य गर्म सामग्री उपलब्ध कराते समय सुरक्षित कंटेनर और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। अब यात्रियों की नजर रेलवे की जांच और कार्रवाई पर है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार