Bihar News : गयाजी में कांग्रेस ने किया 'वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' मार्च: गांधी मैदान से अंबेडकर पार्क तक निकला जुलूस

Bihar News : राहुल गांधी के आह्वान पर सम्पूर्ण देशभर में वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ प्रोटेस्ट की कड़ी में आज गयाजी में शांतिपूर्ण मार्च निकाला गया....पढ़िए आगे

गयाजी में मार्च - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर देशव्यापी 'वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' अभियान के तहत आज गया में कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल और शांतिपूर्ण मार्च निकाला गया। यह मार्च ऐतिहासिक गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अस्थि कलश स्तूप से शुरू होकर राय काशीनाथ मोड़, गया व्यवहार न्यायालय और समाहरणालय होते हुए अंबेडकर पार्क स्थित बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचकर एक सभा में तब्दील हो गया। इस मार्च में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस सेवादल और इंटक के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

मार्च में शामिल प्रमुख नेता:

इस विरोध प्रदर्शन और मार्च में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि विजय कुमार मिथ्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सह वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शशि किशोर शिशु, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राम प्रमोद सिंह, बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, टિંकू गिरी, शिव कुमार चौरसिया, सुनील कुमार पासवान, धर्मेंद्र कुमार निराला, इंदल पासवान, अनिल यादव, खिजीर हयात, नवाब अली, अर्जुन गुप्ता, शंभू शरण सिंह, मदन सिंह, अफताब आलम खान, सुजीत गुप्ता सहित सुमित्रा देवी, शिवानी देवी, सावित्री देवी, बरती देवी, सुनील रविदास, अनिल रविदास, प्रदीप मांझी, गोपी किशन, विनोद पासवान, वीरेंद्र मांझी और सुबोध कुमार समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार:

मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा "उल्टा चोर कोतवाल को डांटे" की कहावत को चरितार्थ कर रही है। नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष में होने के बावजूद विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ जैसे आयोजनों का ढोंग रचा जा रहा है, जिसे देश की जनता भली-भांति समझ चुकी है और पूरी तरह नकार रही है। नेताओं ने मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वोट चोरी, संवैधानिक संस्थाओं को अपने इशारे पर कठपुतली बनाने, बेलगाम महंगाई, पेपर लीक, किसानों की अनदेखी, युवाओं और छात्रों पर पुलिसिया बर्बरता, दलित-शोषितों की हकमारी, महिलाओं की सुरक्षा और चंदाखोरी जैसे मुद्दों से देश की 142 करोड़ जनता त्रस्त है। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक इन गंभीर समस्याओं का समाधान नहीं होता, कांग्रेस पार्टी चैन से नहीं बैठेगी।

सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ गगनभेदी नारे:

मार्च में शामिल नेता और कार्यकर्ता "वोट चोर, गद्दी छोड़", "वोट चोर, दिल्ली छोड़", "मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें", "ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करो" और "ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा दायर हो" जैसे तीखे और गगनभेदी नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। विशेष रूप से मार्च में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी और शहर के वार्ड 41 के लोकप्रिय पार्षद प्रतिनिधि सह वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शशि किशोर शिशु के नेतृत्व व सहयोग की सभी नेताओं ने सराहना की।