मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, पद से हटाने और गिरफ्तारी की मांग
Gayaji : शहर स्थित टावर चौक पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उनका पुतला दहन किया गया और उन पर एकतरफा फैसले लेने का आरोप लगाते हुए तत्काल पद से हटाने व गिरफ्तार करने की मांग की गई।
अन्य चुनाव आयुक्तों के असंतोष और लिखित आपत्तियों का जिक्र
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले 10 महीनों में अन्य चुनाव आयुक्तों (सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी) ने कम से कम 14 बार लिखित आपत्ति दर्ज कराई है। दोनों चुनाव आयुक्तों ने कई फैसले और आदेश उनकी जानकारी के बिना लिए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के कदमों को 'अनाधिकृत और गैर-कानूनी' बताया है।
मतदाता सूची के पुनरीक्षण और फॉर्म-6 में बदलाव पर सवाल
नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और नए मतदाताओं से जुड़े 'फॉर्म-6' में बदलाव को लेकर भी दोनों चुनाव आयुक्तों ने आपत्तियां दर्ज की थीं। इसके अलावा, मतदाताओं से जुड़ी प्रक्रिया और मतदाता डेटाबेस के केंद्रीकरण को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा पूर्व में उठाए गए सवालों को भी नेताओं ने सही बताया।
विरोध प्रदर्शन में शामिल प्रमुख कांग्रेसी नेता
इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राम प्रमोद सिंह, बाबूलाल प्रसाद सिंह, धर्मेंद्र कुमार निराला, इंटक की मनीषा सिंह, कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार पासवान, अनिल यादव, इंदल पासवान, नवाब अली, टिंकू गिरी और विनोद बनारसी समेत कई अन्य नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।
28 सितंबर 2026 को राजेंद्र आश्रम से निकलेगा विशाल विरोध मार्च
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसी कड़ी में आगामी 28 सितंबर 2026 को कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र आश्रम से एक विशाल विरोध मार्च निकाला जाएगा, जिसमें पूरे जिले के लोग शामिल होंगे।
मनोज की रिपोर्ट