गयाजी जंक्शन पर पितृपक्ष मेला की तैयारियों का डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा: भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

पितृपक्ष मेला के दौरान गया में देश-विदेश से आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए डीएम और एसएसपी ने गयाजी रेलवे जंक्शन पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान दोनो कई जरुरी निर्देश दिए...

गया जंक्शन पर पितृपक्ष मेला की तैयारियों का डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : पितृपक्ष मेला 2026 के दौरान गया में देश-विदेश से आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और रेल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को गया के जिला पदाधिकारी (DM) शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) सुशील कुमार ने रेलवे अधिकारियों, जिला के वरीय पदाधिकारियों तथा पंडा-पुरोहितों के साथ गया जंक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाहरी परिसर, सभी प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज (FOB), रिटायरिंग रूम और यात्री प्रतीक्षालय का जायजा लिया।


भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश

जिला पदाधिकारी ने कहा कि मेला अवधि में जंक्शन पर यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि की संभावना को देखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। भीड़ के दबाव वाले संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, एसएसपी सुशील कुमार ने रेलवे पुलिस, आरपीएफ और जिला पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाकर लगातार निगरानी, पेट्रोलिंग और सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न फैले।


बाहरी परिसर में ट्रैफिक नियंत्रण और सुगम आवागमन पर विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान गया जंक्शन के बाहरी परिसर में वाहनों के संचालन, यात्रियों के उतरने-बैठने, ऑटो और अन्य यात्री वाहनों की व्यवस्था के साथ पैदल यात्रियों के सुरक्षित मार्ग की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि मेला अवधि में स्टेशन के बाहर यातायात पूरी तरह सुचारू रहे और अनावश्यक वाहनों के ठहराव या अवैध पार्किंग से जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, नगर निगम और रेलवे प्रशासन को आपसी तालमेल के साथ लगातार विशेष अभियान चलाने को कहा गया।


पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और साइनेज की व्यवस्था की समीक्षा

स्टेशन परिसर में यात्रियों की बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने पेयजल की उपलब्धता, शौचालयों की साफ-सफाई, बैठने के प्रबंध, प्रकाश व्यवस्था और पब्लिक एड्रेस सिस्टम को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भाषा और स्थान की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए स्पष्ट एवं पर्याप्त सूचना बोर्ड तथा दिशा-सूचक साइनेज (Signage) लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया ताकि किसी भी यात्री को भटकना न पड़े।


रेलवे और जिला प्रशासन का संयुक्त संकल्प, यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित माहौल

निरीक्षण के अंत में रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पितृपक्ष मेला गया की महान धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा आयोजन है। इस दौरान आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री को बेहतर सुविधा और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह और डीडीयू रेल मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में यह तय किया गया कि मेला अवधि तक सभी व्यवस्थाओं और तैयारियों की लगातार उच्चस्तरीय समीक्षा की जाती रहेगी।

मनोज की रिपोर्ट