Bihar News:टेक्सटाइल कारखाने में अचानक भड़की आग, धुएं-लपटों से मची अफरा-तफरी

Bihar News: टेक्सटाइल कारखाने में अचानक आग भड़क उठी। कारखाने से तेज लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।...

टेक्सटाइल कारखाने में अचानक भड़की आग- फोटो : reporter

Bihar News: गया के मानपुर क्षेत्र स्थित पटवा टोली में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बुनियादगंज थाना क्षेत्र के अमोद टेक्सटाइल कारखाने में अचानक आग भड़क उठी। कारखाने से तेज लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही गया अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कवायद शुरू कर दी। अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी रमेश कुमार के नेतृत्व में अग्नि चालक राजेश रंजन, अग्निशमन कर्मी शिवेश कुमार, संजू कुमारी और रामप्रवेश कुमार समेत अन्य कर्मियों ने मोर्चा संभाला। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन कर्मियों ने आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। साथ ही कारखाने में कितनी संपत्ति का नुकसान हुआ, इसका भी तत्काल आकलन नहीं हो पाया है। अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों की पड़ताल करने के साथ नुकसान का जायजा लेने में जुटी है।

रिपोर्ट: मनोज कुमार