गया ANMMCH में शर्मनाक घटना: MBBS इंटर्न से दुष्कर्म का प्रयास, सीनियर डॉक्टर पर FIR

गया के ANMMCH में ऑर्थो विभाग के सीनियर डॉक्टर अविनाश कुमार पर एमबीबीएस इंटर्न से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप। पीड़िता की शिकायत पर संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।

सीनियर डॉक्टर पर एमबीबीएस इंटर्न से दुष्कर्म की कोशिश का आरोप- फोटो : Reporter

गया जी स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (ANMMCH) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल के ऑर्थो विभाग के एक सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर पर एमबीबीएस इंटर्न के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपित डॉक्टर उसे बोधगया ले गया, जबरन शराब पिलाई और फिर अस्पताल परिसर स्थित कमरे में ले जाकर उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया।


ओपीडी में ड्यूटी के दौरान लिया नंबर, पार्टी के बहाने बोधगया ले गया

दर्ज प्राथमिकी और पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना बीते 21 अगस्त की है। पीड़िता उस दिन ऑर्थो ओपीडी में अपनी ड्यूटी पर तैनात थी, तभी आरोपित डॉक्टर अविनाश कुमार ने उससे मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद शाम लगभग 5:40 बजे डॉक्टर ने कॉल करके इंटर्न पर बोधगया में आयोजित एक पार्टी में चलने का दबाव बनाया। पीड़िता का कहना है कि बोधगया पहुंचने के बाद डॉक्टर ने उसे जबरदस्ती शराब पिलाई।


सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के कमरे में दुष्कर्म की कोशिश, रोने पर हॉस्टल के पास छोड़ा

आरोप के मुताबिक, शराब पिलाने के बाद डॉक्टर अविनाश पीड़िता को वापस मेडिकल कॉलेज कैंपस लेकर आया। वह उसे सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक स्थित अपने कमरे में ले गया और वहां दुष्कर्म करने की कोशिश की। पीड़िता ने जब इसका लगातार कड़ा विरोध किया, रोने लगी और हॉस्टल वापस छोड़ने की गुहार लगाई, तब जाकर आरोपित ने उसे बदहवास हालत में उसके हॉस्टल के पास छोड़कर फरार हो गया।


पीड़िता की शिकायत पर मगध मेडिकल थाने में नामजद FIR दर्ज

घटना के बाद पीड़िता के बयान के आधार पर स्थानीय मगध मेडिकल थाने में आरोपित डॉक्टर अविनाश कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मगध मेडिकल थानाध्यक्ष सुदेह कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।


पुलिस कर रही मामले की जांच, समझौते की चर्चा भी आई सामने

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस हर पहलू की बारीकी से छानबीन कर रही है। शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को यह सूचना भी मिली थी कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते को लेकर बातचीत का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद नियमानुसार निष्पक्ष जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।