Gaya Police: गया में ऑनलाइन कार बुकिंग के बहाने डकैती, छह आरोपी गिरफ्तार

Gaya Police: गया के अतरी थाना क्षेत्र में ऑनलाइन कार बुकिंग के बहाने डकैती के मामले में छह आरोपी गिरफ्तार हुए। पुलिस ने कार, 59 हजार रुपये और सात मोबाइल फोन बरामद किए।

Gaya Police:  बिहार के गया जिले में अतरी थाना क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ऑनलाइन बुकिंग के बहाने एक व्यक्ति को राजगीर ले जाने के लिए कार बुक की थी। रास्ते में उसके साथ मारपीट कर कार, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान लूट लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक कार, 59 हजार रुपये नकद और सात मोबाइल फोन समेत कई सामान बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


ऑनलाइन बुकिंग के बहाने दिया वारदात को अंजाम


गया पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को पीड़ित ने अतरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पटना जंक्शन से एक व्यक्ति को ऑनलाइन बुकिंग के जरिए राजगीर ले जाने के लिए गाड़ी बुक की गई थी। राजगीर पहुंचने के बाद यात्री ने बताया कि उसे वहां से करीब 12 किलोमीटर आगे जाना है। इसके बाद जब गाड़ी जोता मोड़ के पास पहुंची, तो आरोप है कि बदमाशों ने कार का शीशा तोड़ दिया और कार, मोबाइल फोन, नकदी समेत अन्य सामान छीन लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट भी की और उसे राजगीर मेन रोड पर अलकतरा फैक्ट्री के पास गाड़ी से धकेल दिया। इसके बाद वे कार लेकर फरार हो गए। इस मामले में अतरी थाना कांड संख्या 490/26 के तहत 10 अक्टूबर 2026 को केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की।


विशेष टीम बनाकर की गई छापेमारी


मामले की गंभीरता को देखते हुए गया के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और नीमचक बथानी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। इसमें अतरी थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी जांच और मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों का संबंध पटना जिले के खुशरूपुर थाना क्षेत्र से सामने आया। सूचना की पुष्टि करने के बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की। इस दौरान एक व्यक्ति ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।


छह आरोपी गिरफ्तार, ये सामान बरामद


पुलिस ने इस मामले में अमित कुमार, सुजय कुमार, अभिषेक प्रकाश, श्याम बिहारी कुमार, छोटू उर्फ रितेश कुमार और शिवम कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक कार, 59 हजार रुपये नकद, सात मोबाइल फोन और सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने के दौरान पहने गए कपड़े व चप्पल बरामद किए गए हैं। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

रिपोर्ट मनोज कुमार